क्षेत्रीय
29-Apr-2026
...


नगर पालिका द्वारा पेयजल पाइप के लीकेज किए बंद, वार्डों में टैंकरों से हो रही सप्लाई.... नर्मदापुरम(ईएमएस)। नर्मदापुरम मुख्यालय पर पिछले दो दिनों से पेयजल आपूर्ति में भारी दिक्कत आ रही है। पेयजल आपूर्ति की पाइप लाइन डैमेज होने के कारण यह गंभीर समस्या नगर में उत्पन्न हुई है। नगर के वार्ड 14 में सुधार न्यास कॉलोनी के घरों में दो दिनों से पेयजल आपूर्ति की गंभीर समस्या का विषय कलेक्टर सोमेश मिश्रा द्वारा संज्ञान में लिया गया। वही नगर पालिका परिषद ने भी पेयजल की गंभीर समस्या को संज्ञान लेते हुए पाइप लाइनों में सुधार के निर्देश दिए।नगर पालिका द्वारा जारी विज्ञप्ति में बताया गया कि नगर अचानक आए पेयजल संकट की इस घड़ी में नगरपालिका की टीम द्वारा कड़ी मशक्कत के बाद पेयजल आपूर्ति की पाइप लाइन में आए लीकेज को सुधारने में सफलता प्राप्त कर ली है। इंदौर से बुलाए गए पाइप लाइन जोड़ने वाले केमिकल से पाइप लाइन जोड़ दी गई है। उसे सूखने के लिए 10 से 12 घंटे लगते हैं। इसलिए गुरूवार को पेयजल सप्लाई सुचारू हो जाएगी। इस भीषण गर्मी में पेयजल सप्लाई जारी रखने के लिए नगरपालिका अध्यक्ष नीतू महेंद्र यादव एवं मुख्य नगरपालिका अधिकारी सतत नजर रखे हुए हैं। उनके द्वारा प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचाए जा रहे टैंकर्स की जानकारी ली जा रही है।जल शाखा प्रभारी उपयंत्री आयुषी रिछारिया ने बताया कि नपाध्यक्ष नीतू महेंद्र यादव एवं सीएमओ हेमेश्वरी पटले के निर्देशन प्रभावित क्षेत्रों में टैंकर्स पहुंचाए जा रहे हैं। टैंकर्स के माध्यम से जलापूर्ति की जा रही है। पाइप लाइन के लीकेज ठीक कर दिए गए हैं। हरिश गोस्वामी ने बताया कि नगर पालिका द्वारा गोपालकुंज, रसूलिया, आदर्श नगर, अंकिता नगर, हाऊसिंग बोर्ड कॉलोनी, बीटीआई, भीलपुरा, जुमेराती, रामलीला मैदान, रामगंज, कमला गली, थाना परिसर, बजरिया, मोरछली चौक, ग्वालटोली, ईदगाह, खोजनपुर में पानी टेंकर उपलब्ध कराए गए एवं लगातार पानी टेंकर पहुंचाए जा रहे हैं। राजीव अग्रवाल, २९ अप्रैल, २०२६