क्षेत्रीय
29-Apr-2026
...


नर्मदापुरम (ईएमएस)। जिले में विद्युत आपूर्ति से संबंधित समस्या को लेकर कलेक्टर सोमेश मिश्रा ने तत्परता दिखाते हुए त्वरित संज्ञान लिया और संबंधित विभाग को तत्काल निराकरण के निर्देश दिए। प्राप्त जानकारी के अनुसार, इटारसी निवासी एक युवक ने कलेक्टर के समक्ष वार्ड क्रमांक 13 में बार-बार लोड ट्रिपिंग होने एवं विद्युत उपकरणों के सुचारू रूप से उपयोग नहीं हो पाने की समस्या रखी थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर मिश्रा ने एमपीईबी इटारसी के अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। कलेक्टर से प्राप्त निर्देशानुसार एमपीईबी के अधिकारी संदीप पाण्डेय द्वारा संबंधित क्षेत्र का निरीक्षण कराया गया। जांच में ट्रांसफार्मर में तकनीकी खराबी सामने आई, जिसके बाद आवश्यक मेंटेनेंस कार्य किया गया। साथ ही विद्युत लोड का संतुलन भी सुनिश्चित किया गया। विभागीय कार्रवाई के बाद क्षेत्र में निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुचारू रूप से बहाल हो गई एवं नागरिकों को समस्या का समाधान मिला। ईएमएस/राजीव अग्रवाल/ 26 अप्रैल 2026