राष्ट्रीय
29-Apr-2026


नई दिल्ली (ईएमएस)। भारत और इटली के बीच रक्षा सहयोग को नई मजबूती देने के उद्देश्य से 30 अप्रैल को नई दिल्ली में उच्चस्तरीय द्विपक्षीय रक्षा वार्ता होगी। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह अपने इतालवी समकक्ष गुइडो क्रोसेट्टो के साथ बैठक करेंगे। इस दौरान दोनों देशों के बीच रक्षा संबंधों को और मजबूत करने पर चर्चा की जाएगी। रक्षा मंत्रालय के अनुसार, बैठक में रक्षा सहयोग से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर विचार-विमर्श होगा। साथ ही बदलते वैश्विक भू-राजनीतिक परिदृश्य के बीच क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा हालात पर भी चर्चा की जाएगी। माना जा रहा है कि दोनों देश रक्षा उत्पादन, तकनीकी सहयोग, सैन्य प्रशिक्षण और सामरिक साझेदारी के नए अवसरों पर भी विचार कर सकते हैं। इतालवी रक्षा मंत्री गुइडो क्रोसेट्टो की यह भारत की पहली आधिकारिक यात्रा है, जिसे दोनों देशों के बीच बढ़ते रणनीतिक रिश्तों का संकेत माना जा रहा है। हाल के वर्षों में भारत और इटली के संबंधों में तेजी आई है और दोनों देश व्यापार, निवेश, रक्षा तथा तकनीक जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर जोर दे रहे हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि यह बैठक भारत की यूरोपीय देशों के साथ रक्षा साझेदारी मजबूत करने की नीति का हिस्सा है। वहीं इटली भी हिंद-प्रशांत क्षेत्र में अपनी रणनीतिक मौजूदगी बढ़ाने के प्रयास में है। ऐसे में यह वार्ता दोनों देशों के लिए महत्वपूर्ण मानी जा रही है। सुबोध/२९ -०४-२०२६