राष्ट्रीय
29-Apr-2026


नई दिल्ली (ईएमएस)। दिल्ली हाईकोर्ट में बुधवार को वर्चुअल सुनवाई के दौरान अभूतपूर्व घटना सामने आई, जब अदालत की कार्यवाही के बीच अचानक अश्लील वीडियो चलने लगा। उस समय चीफ जस्टिस देवेंद्र कुमार उपाध्याय और जस्टिस तेजस खरिया की खंडपीठ विभिन्न मामलों की सुनवाई कर रही थी। घटना सामने आते ही अदालत की कार्यवाही तत्काल रोक दी गई। जानकारी के अनुसार यह घटना दोपहर करीब 12:56 बजे हुई। कुछ मिनट बाद सुनवाई दोबारा शुरू की गई, लेकिन फिर से अश्लील वीडियो चलने लगा। इसके बाद तीसरी बार म्यूजिक वीडियो भी बजने लगा, जिससे अदालत परिसर और ऑनलाइन जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया। स्क्रीन पर “आपका सिस्टम हैक हो गया है” जैसा संदेश भी दिखाई दिया। बताया जा रहा है कि वर्चुअल सुनवाई में 100 से अधिक जनहित याचिकाओं पर सुनवाई चल रही थी और बड़ी संख्या में लोग ऑनलाइन जुड़े हुए थे। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि क्षितिजीत सिंह नामक व्यक्ति के लॉगिन से यह वीडियो चला। हालांकि उसने दावा किया कि उसका अकाउंट अमेरिका से हैक किया गया और उसे इस घटना की कोई जानकारी नहीं है। मामले की शिकायत दिल्ली पुलिस की आईएफएसओ यूनिट को सौंप दी गई है, जो साइबर एंगल से जांच कर रही है। यह भी जांच की जा रही है कि संबंधित व्यक्ति पहले से सुनवाई में शामिल लोगों की सूची में था या नहीं। चीफ जस्टिस ने कहा कि रजिस्ट्रार जनरल को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि अदालत की कार्यवाही रिकॉर्ड करना नियमों के विरुद्ध है और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। सुबोध/२९ -०४-२०२६