पटना, (ईएमएस)। दिल्ली के द्वारका जिला अंतर्गत जाफरपुर कलां थाना क्षेत्र में फायरिंग की घटना में बिहार के एक युवक की मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक घायल हो गया। इस मामले में बिहार पुलिस मुख्यालय ने दिल्ली पुलिस से संपर्क कर घटना की जानकारी ली है। बिहार पुलिस पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है। दिल्ली पुलिस के अनुसार, 26 अप्रैल को तड़के करीब 2.15 बजे जाफरपुर कलां थाना पुलिस को आरटीआर अस्पताल से सूचना मिली कि गोली लगने से दो लोगों को भर्ती कराया गया है। इनमें से एक युवक को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान पांडव कुमार (21 वर्ष) के रूप में हुई है, जो प्रजापति कॉलोनी, बिंदापुर का निवासी था और ज़ोमैटो डिलीवरी बॉय के रूप में काम करता था। घायल युवक कृष्ण मृतक का दोस्त बताया गया है, जो उसके साथ रहता था। जानकारी के अनुसार, रूपेश कुमार (मूल निवासी खगड़िया, बिहार) के बेटे की जन्मदिन पार्टी थी। केक काटने के बाद करीब 20 लोग वहां से लौटने लगे। इसी दौरान रूपेश के घर से करीब 70-80 मीटर दूर मुख्य सड़क कैप्टन पृथ्वी सिंह डागर मार्ग पर रूपेश, पांडव कुमार, कृष्ण, दीपक और स्कूटी पर सवार तीन अन्य लोग खड़े होकर बातचीत कर रहे थे। उसी समय सड़क के दूसरी ओर रहने वाला नीरज नीचे आया और समूह से बहस करने लगा। सीसीटीवी फुटेज में नीरज को हथियार लहराते और झगड़ा करते देखा गया है। अचानक उसने पांडव कुमार की छाती पर निशाना साधकर गोली चला दी। गोली पांडव कुमार की छाती को चीरते हुए निकल गई और पीछे बैठे कृष्ण के पेट में जा लगी। घटना के बाद रूपेश और अन्य लोग दोनों घायलों को RTR अस्पताल लेकर पहुंचे। पुलिस ने आरोपी की पहचान नीरज, निवासी बहु अकबरपुर, मेहम, रोहतक (हरियाणा) के रूप में की है। वह पिछले 15 वर्षों से रावता गांव में अकेले रह रहा था। दिल्ली पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मौके से 9mm का खाली कारतूस भी बरामद किया गया है। इस मामले में जाफरपुर कलां थाना में कांड संख्या 36/2026 के तहत BNS की धारा 103(i), 109(i) तथा Arms Act की धारा 35/27 में केस दर्ज कर जांच जारी है। * बिहार पुलिस भी सक्रिय बिहार पुलिस मुख्यालय ने दिल्ली पुलिस से संपर्क कर पूरी घटना की जानकारी ली है और मामले पर लगातार समन्वय बनाए हुए है। संतोष झा- २९ अप्रैल/२०२६/ईएमएस