कोरबा (ईएमएस)। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा घोषित 12वीं परीक्षा परिणाम में इस वर्ष भी लड़कियो ने शानदार प्रदर्शन कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। इसी कड़ी में कोरबा जिले के करतला विकासखंड अंतर्गत ग्राम रामपुर की होनहार छात्रा प्रिया पटेल ने 83.6 प्रतिशत अंक हासिल कर प्रथम श्रेणी में सफलता प्राप्त की है और पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उन्होंने अपनी कड़ी मेहनत और अनुशासित पढ़ाई के दम पर कुल 418 अंक प्राप्त किए। ग्रामीण परिवेश में संसाधनों की सीमाओं के बावजूद प्रिया ने यह साबित कर दिया कि दृढ़ संकल्प और निरंतर प्रयास से हर लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। सबसे खास बात यह रही कि उन्होंने पांच मुख्य विषयों में से चार में डिस्टिंक्शन प्राप्त किया। टेलीकम्युनिकेशन में 92 अंक, इतिहास में 89 अंक, हिंदी में 87 अंक और राजनीति विज्ञान में 79 अंक हासिल कर उन्होंने अपनी शैक्षणिक क्षमता का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। इसके अलावा अर्थशास्त्र और अंग्रेजी में भी उन्होंने अच्छे अंक प्राप्त किए। प्रिया ने अपनी सफलता का श्रेय अपने शिक्षकों के साथ-साथ अपने चाचा और बड़े भाई के निरंतर प्रोत्साहन को भी दिया। उनकी इस उपलब्धि पर रामपुर गांव और आसपास के क्षेत्र में खुशी का माहौल है। परिजनों और ग्रामीणों ने मिठाई बांटकर जश्न मनाया और प्रिया को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। - 30 अप्रैल