इन्दौर (ईएमएस)। 15वें अखिल भारतीय अंतर-विद्यालयीय डी.एफ. जैक मेमोरियल अंग्रेजी वाद-विवाद, पद्मश्री जे.के. काटे मेमोरियल हिंदी वाद-विवाद तथा पी.जी. मिलर क्विज प्रतियोगिता-2026 का डेली कॉलेज में आयोजन सम्पन्न हुआ। इस आयोजन में देश के ख्यातिप्राप्त 16 प्रमुख शिक्षण संस्थानों के लगभग 100 विद्यार्थियों ने भाग लिया। डेली कॉलेज का परिसर में आयोजित इस आयोजन में वाद-विवाद के महारथियों और क्विज विशेषज्ञों ने तर्क, वक्तृत्व-कला और व्यापक ज्ञान का जीवंत उत्सव प्रस्तुत किया। डेली कॉलेज की टीम जिसमें श्रेया डाफरिया, देवेश्वरी सिंह एवं नेतिका चौधरी शामिल रही ने डी.एफ. जैक मेमोरियल अंग्रेजी वाद-विवाद में विजेता होने का सम्मान प्राप्त किया। द दून स्कूल, देहरादून की टीम ने उदय सिंह ठाकरण, नंदा सौरिश करुमुडी एवं वीरांश जैन के साथ उपविजेता होने का गौरव प्राप्त किया। उनकी संतुलित अभिव्यक्ति ने उन्हें व्यापक सराहना दिलाई। वीरांश जैन को उनकी तीक्ष्ण सोच, परिष्कृत भाषा और प्रभावशाली मंच उपस्थिति के लिए सर्वश्रेष्ठ वक्ता घोषित किया गया। पी.जी. मिलर क्विज प्रतियोगिता इतिहास, विज्ञान, साहित्य और समसामयिक विषयों की चुनौतीपूर्ण यात्रा सिद्ध हुई, जिसने प्रतिभागियों की स्मरण-शक्ति, त्वरित प्रतिक्रिया और मानसिक संतुलन की कठोर परीक्षा ली। अंग्रेजी एवं हिंदी वाद-विवाद प्रतियोगिताओं एवं क्विज के इस अद्भुत आयोजन में प्रतिभागियों ने सूक्ष्म अभिव्यक्ति, तीक्ष्ण तर्कशक्ति और ओजस्वी प्रस्तुतियाँ दीं, जो उनकी वाक-कौशल की परिपक्वता भारत की भाषायी विरासत के प्रति सम्मान को दर्शाता है। - 30 अप्रैल 2026