क्षेत्रीय
30-Apr-2026
...


वाराणसी (ईएमएस)। वाराणसी में आयोजित होने वाले धार्मिक समारोहों में त्रिविध पावनी वैशाख पूर्णिमा का अलग महत्व है। आज ही के दिन तथागत बुद्ध का जन्म हुआ था, उन्हें ज्ञान की प्राप्ति हुई थी और उनका आज ही के दिन कुशीनगर में महा परिनिर्वाण भी हुआ था।इसलिए इसे त्रिविध पावनी पर्व के रूप में बड़े ही हर्ष एवं उल्लास के साथ मनाया जाता हैं। यह बौद्ध अनुयायियों का महापर्व है। तथागत बुद्ध की उपदेश भूमि सारनाथ वाराणसी में इस पावन त्यौहार को सभी बौद्ध विहार/बौद्ध संगठन तथा बाबा साहेब डॉ.अम्बेडकर के अनुयायीगण, पूज्य भंते सुमित्थानन्द थेरो व भंते चन्दिमा थेरो के कुशल मार्गदर्शन में सामूहिक रूप से हर्षोल्लास पूर्वक मनाया जाता है। सारनाथ वाराणसी में कल आयोजित होने वाले कार्यक्रम निम्न प्रकार हैं - प्रातः 06:00 बजे-मूल गंध कुटी बिहार में विश्वशांति के लिए प्रार्थना पूजा वंदना। प्रातः 06:00 बजे से 11:00 बजे तक भगवान बुद्ध के पवित्र अस्थि का दर्शन। प्रातः 10:00 से रात्रि 10:00 बजे तक आगंतुकों के लिए भोजनदान। धम्मयात्रा- 04 बजे से डॉ०अम्बेडकर स्मारक, कचहरी,वाराणसी से प्रारम्भ होकर पाण्डेयपुर, पहड़िया, आशापुर,से होते हुए मूलगंधकुटी विहार सारनाथ तक। सायं 06 बजे से रात्रि 10 बजे तक धम्म देशना/धम्म सभाका आयोजन मूल गंध कुटी विहार परिसर। धम्मा लर्निंग सेंटर सारनाथ के पुराधीपति चँदिमा भंते नें बताया की त्रिविध पावनी पर्व पर लगभग 1 लाख लोगों को भोजन दान का कार्यक्रम आयोजित किया जायेगा जिसमें वाराणसी के अलावा चंदौली, गाज़ीपुर, जौनपुर, आजमगढ़, भदोही, कुशीनगर, अम्बेडकर नगर इत्यादि जनपदों से उपासक / उपसिकाओं के भाग लेने की संभावना हैं। इस सम्पूर्ण कार्यक्रम का केंद्र बिंदु सारनाथ होगा तथा पूजा इत्यादि मुख्य कार्यक्रम मुलगंधकुटी तथा धम्मेख स्तूपमें होगा। इस कार्यक्रम में जगह -जगह बूथ बनाकर कार्यक्रम की जानकारी दी जाएगी। कई संस्थाए पेयजल, जलपान के साथ -साथ चिकित्सा कैंप भी लगा रही हैं।इस धार्मिक आयोजन में डॉ बी आर अम्बेडकर जन जागरण एवं उत्थान समिति एवं माता रमा बाई अम्बेडकर महिला क्लब, सुशुवाही की सक्रिय सहभागिता कर रही है। - 30 अप्रैल /2026