- संघ के सह सरकार्यवाह अरुण कुमार ने सरकार को दिखाया आईना, कहा भोपाल (ईएमएस)। मप्र राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ और भाजपा की प्रयोग भूमि है। इसलिए यहां की सरकार की हर गतिविधियों पर संघ की नजर रहती है। गत दिनों संघ के सह सरकार्यवाह अरुण कुमार राजधानी भोपाल के दौरे पर रहे। उन्होंने यहां कई बैठकें की और सरकार को आईना दिखाते हुए कहा कि स्वास्थ्य और शिक्षा को लेकर काम करने की जरूरत है। यह यदि ठीक नहीं हैं तो जनता पर असर पड़ता है। गौरतलब है कि राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ की प्रतिनिधि सभा की बैठक के बाद भोपाल पहुंचे सह सरकार्यवाह अरुण कुमार ने दो दिन में चार अहम बैठकें की। मंगलवार सुबह संघ के साथ बैठक के बाद शाम को पहले वे डॉ. मोहन यादव, शिवप्रकाश, अजय जमवाल के साथ बैठे। इस दौरान दीपक विस्पुते और क्षेत्र प्रचारक स्वप्निल कुलकर्णी भी मौजूद रहे। इसके बाद हेमंत खंडेलवाल, देवड़ा-शुक्ला, विजयवर्गीय और पटेल को बुलवाया गया। शाम 7 बजे से लेकर 9 बजे तक फिर बैठक हुई। बुधवार सुबह फिर उन्होंने संघ के साथ एक की। पूर्व में भी अरुण कुमार अटल बिहारी सुशासन संस्थान में तीन बैठकें ले चुके हैं। बैठक के बीच में सभी से कामकाज पर राय पूछी गई तो मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मप्र में हुए कामों को गिनाया। साथ ही सिंहस्थ की भी जानकारी दी। इसके बाद मंत्री विजयवर्गीय से इस बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री मोहन यादव जिंदाबाद, मप्र सब ठीक चल रहा है। सूत्र बता रहे हैं कि बैठक में परोक्ष रूप से पार्टी के सीनियर नेताओं ने कामकाज के तरीकों और विभागीय अधिकारों की भी बात की। आगामी कार्यक्रमों की तैयारी का लिया जायजा सह सरकार्यवाह अरुण कुमार ने विभिन्न मुद्दों पर अपनी बात रखी। सत्ता और संगठन के लोगों के साथ बैठक में उन्होंने स्पष्ट कर दिया कि मप्र में भाजपा एक मजबूत पार्टी है। लेकिन, आने वाले दिनों में जनता से सीधे जुड़ी चीजों पर फोकस जरूरी है। खासतौर पर स्वास्थ्य, शिक्षा और संस्कृति। स्वास्थ्य और शिक्षा को लेकर काम करने की जरूरत है। यह यदि ठीक नहीं हैं तो जनता पर असर पड़ता है। वो इसे याद रखती है। बैठक में अरुण कुमार के साथ सत्ता और भाजपा के अहम पदाधिकारी, संघ के प्रमुख नेता दीपक विस्पुते और क्षेत्र प्रचारक स्वप्निल कुलकर्णी भी मौजूद रहे। अरुण कुमार ने बैठक में आगे आने वाले कार्यक्रमों समान नागरिक संहिता, महिला आरक्षण का मुद्दा, पंचायत-निकायों के चुनाव से पहले लोगों तक पहुंचने के कार्यक्रमों की तैयारी आदि के बारे भी बात की। इस दौरान बैठक में मौजूद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, भाजपा के राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जमवाल, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, दोनों डिप्टी सीएम जगदीश देवड़ा व राजेंद्र शुक्ला, मंत्री कैलाश विजयवर्गीय और प्रहलाद पटेल भी मौजूद रहे। संघ के प्रमुख नेताओं ने बैठक में सत्ता और भाजपा के बीच समन्वय के साथ यह भी जोड़ा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की इकाइयों के साथ भी बेहतर तालमेल बनना चाहिए। विनोद / 30 अप्रैल 26