काल बैसाखी का चक्रवात सक्रिय, वर्षा की संभावना जबलपुर (ईएमएस)। हरियाणा के ऊपर एक चक्रवात है और दूसरा चक्रवात, दक्षिणी छत्तिसगढ़ के ऊपर बना हुआ है। जिससे तापमान स्थित रहेगा और झोंकेदार हवाएं चल सकती है। जिले में कहीं कहीं वर्षा या गरज चमक के साथ बौछारें भी पड़ सकती हैं। इसके साथ ही पारा औसत से दो डिग्री नीचे उतरकर 38 डिग्री पर स्थिर हो गया। मौसम विभाग का कहना है कि अभी दो दिनों तक मौसम इसी प्रकार रहेगा। आसमान पर बादल छाए रहेंगे, तेज हवाएं चलेंगी और तापमान में आंशिक गिरावट देखी जाएगी। स्थानीय मौसम विज्ञान केन्द्र के वैज्ञानिक देवेन्द्र तिवारी ने ईएमएस को बताया कि दो छोटे छोटे सक्रिय हैं। उत्तर पश्चिमी दिशा से काल बैसाखी सक्रिय हुई है। मौसम वैज्ञानिक के मुताबिक 15 अप्रैल से 15 मई तक के समय काल को काल बैसाखी कहा जाता है। यह उत्तर पश्चिमी दिशा से उठता है और 5-7 मिनट में हवा की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रतिमिनट होकर कहीं कहीं वज्रपात और बूंदाबांदी करता है। मौसम में बदलाव पश्चिमी विक्षोभ का असर है। एक चक्रवात हरियाणा के ऊपर और दूसरा चक्रवात दक्षिणी छत्तीसगढ़ के ऊपर बन चुका है। जबलपुर में गुरुवार की शाम अचानक तूफानी हवाएं चली और हल्की बूंदाबांदी हुई। फिलहाल गर्मी से लोगों को कोई राहत नहीं है। सूर्य की तेज ऊष्णता के कारण गर्मी का प्रभाव बरकरार है। दिन में गर्मी से बचाव के तमाम प्रयासों के बावजूद तनबदन पसीने से तरबतर हो रहा है। रात में उमस बेचैन किये रहती है। स्थानीय मौसम विज्ञान केन्द्र के प्रवक्ता ने बताया कि सोमवार को आसमान में बादलों की हुई आवाजाही के बाद हवाओं ने भी रूख बदल लिया। पश्चिमी हवायें चलने और बादलों के छाने के परिणामस्वरूप तापमान की उछाल पर ब्रेक लगा हुआ है। पिछले तीन दिनों से 40 से 41 डिग्री के बीच झूल रहा था। लेकिन दिन में सूर्य की तेज तापमान के कारण शाम को धरती उमस छोड़ रही है। सूर्यास्त के बाद शाम ढलते ही उमस लोगों को बेचैन करने लगती है। उमस के कारण रात में भी हवा में शीतलता नहीं रहती। यही वजह है कि कूलर-पंखों की हवा भी राहत नहीं दे पा रहे हैं। इस बीच बादलों की आवाजाही से पारे में गिरावट आई है। फिर भी गर्मी के असर में कोई कमी नहीं आई है। पिछले 24 घंटे के दौरान नगर का अधिकतम तापमान 38.04 डिग्री सेल्सियस सामान्य से 2 डिग्री कम और न्यूनतम तापमान 28.0 डिग्री सेल्सियस सामान्य से 3 डिग्री अधिक रिकार्ड किया गया। हवा में नमी प्रातःकाल 43 प्रतिशत और सायंकाल 28 प्रतिशत आंकी गई। अगले 24 घंटों के दौरान जिले के अनेक स्थानों पर तेज हवाओं के बीच गरज चमक की संभावना है। गत वर्ष आज के दिन अधिकतम तामपान 39.00 और न्यूनतम तापमान 23.00 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। उत्तर पश्चिमी हवाएं 4 से 5 किलोमीटर की रफ्तार से चलीं। प्रदेश में सबसे अधिक 43.08 डिग्री तापमान सीधी में दर्ज किया गया। सुनील साहू / मोनिका / 30 अप्रैल 2026/ 06.08