जांजगीर-चांपा (ईएमएस)। जिले के बलौदा क्षेत्र में नवविवाहिता की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस जांच के बाद चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। शुरुआती तौर पर करंट लगने से मौत का मामला सामने आया था, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने इस दावे को खारिज कर दिया और इसे हत्या साबित किया। पुलिस जांच में सामने आया कि मृतका ललिता मिरि की हत्या उसके पति महेंद्र कुमार मिरि ने ही की थी। घटना मंगलवार रात की बताई जा रही है, जब आरोपी ने गला दबाकर अपनी पत्नी की जान ले ली। इसके बाद मामले को दुर्घटना का रूप देने के लिए उसने बाथरूम में इमर्शन रॉड और पानी से करंट लगने का फर्जी दृश्य तैयार किया और पुलिस को सूचना दी। जांच के दौरान जब पोस्टमार्टम रिपोर्ट आई, तो मौत का कारण करंट नहीं बल्कि दम घुटना पाया गया। इसके बाद पुलिस ने मामले की गहराई से पड़ताल की और आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। बताया जा रहा है कि पति-पत्नी के बीच अवैध संबंध के शक को लेकर अक्सर विवाद होता था, जो इस वारदात की वजह बना। दोनों ने करीब दो साल पहले प्रेम विवाह किया था और उनका एक साल का बच्चा भी है। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है और मामले में आगे की कार्रवाई जारी है। - (ईएमएस) 30 अप्रैल 2026