30-Apr-2026
...


विदिशा (ईएमएस) । भीषण गर्मी के बीच एक प्रेरणादायक पहल सामने आई, जहां चलो आज कुछ अच्छा करते हैं ग्रुप के एक सदस्य ने अपनी माताजी के 79वें जन्मदिन को पारंपरिक तरीके से न मनाते हुए पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने का सराहनीय कार्य किया। इस अवसर पर आम, आंवला, गुलाब, नीम सहित कुल 79 ऑक्सीजन प्रदान करने वाले पौधों का रोपण किया गया। यह वृक्षारोपण अभियान शहर के विभिन्न स्थानों जैसे माधव उद्यान, मालवीय उद्यान, पुरानी नगर पालिका क्षेत्र सहित अन्य स्थानों पर आयोजित किया गया, जहां फलदार और फूलदार पौधे लगाए गए। कार्यक्रम की खास बात यह रही कि इसे “एक पौधा मां के नाम” जैसे भावनात्मक संदेश के साथ जोड़ा गया, जिससे लोगों में पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया गया। इस पहल में समाज के वरिष्ठ नागरिकों ने भी बढ़-चढ़कर भाग लिया और आयोजन को सफल बनाया। कार्यक्रम के अंत में ग्रुप के सभी सदस्यों ने आगामी वर्षा ऋतु में और अधिक वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित करने का संकल्प लिया, ताकि हरियाली बढ़ाई जा सके और पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में योगदान दिया जा सके।