अलीगढ़ (ईएमएस)। थाना पालीमुकीमपुर प्राथमिक विद्यालय कुंवरपुर में छात्र-छात्राओं को टिटनेस के टीके लगाने के दौरान सिरदर्द की शिकायत तथा एक बच्ची के बेहोश हो जाने से स्कूल स्टाफ में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पीड़ित बच्चों को उपचार हेतु अस्पताल में भर्ती कराया है। पुलिस क्षेत्राधिकारी छर्रा कमलेश कुमार ने बताया कि डायल-112 के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई कि प्राथमिक विद्यालय कुंवरपुर थाना पालीमुकीमपुर में सीएचसी अतरौली की टीम द्वारा 29 बच्चों को टिटनेस के टीके लगाये गये थे, जिसमें कुछ बच्चों को सिरदर्द की शिकायत थी एवं एक बच्ची बेहोश हो गई थी, सभी बच्चों को तत्काल सीएचसी अतरौली लाया गया, सभी की जाँच की गई, सभी बच्चे अब स्वस्थ हैं, फिर भी चिकित्सकों की टीम द्वारा बच्चों को निगरानी में रखा गया है । क्षेत्राधिकारी छर्रा द्वारा सीएचसी अतरौली पहुँचकर बच्चों का हाल-चाल जाना । चिकित्सकों से वार्ता की गई, बच्चों एवं उनके परिजनों से भी वार्ता की गई, सभी बच्चे स्वस्थ हैं। / ईएमएस /30/04/2026