क्षेत्रीय
30-Apr-2026


मंत्री श्री सिंह ने चावरा विद्यापीठ नरसिंहपुर में मेधावी विद्यार्थियों को प्रोत्साहित किया नरसिंहपुर, (ईएमएस)। प्रदेश शासन के स्कूल शिक्षा एवं परिवहन मंत्री श्री उदय प्रताप सिंह ने कहा कि सरकार के प्रयासों से शिक्षा की गुणवत्ता को सुदृढ़ बनाने और विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा प्राप्त हो, जिससे वे अपने भविष्य को बेहतर बना सकें, हमारी सरकार इस दिशा में काम कर रही है। उन्होंने कहा कि शासन द्वारा स्कूलों में गुणवत्तापूर्ण पढ़ाई, योग्य शिक्षकों की उपलब्धता तथा आवश्यक संसाधनों की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है, जिससे विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिल सके और उन्हें उनकी रूचि अनुसार उच्च शिक्षा प्राप्त हो सके। मंत्री श्री उदय प्रताप सिंह चावरा विद्यापीठ में नरसिंहपुर जिले के स्कूल शिक्षा विभाग में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले शिक्षकों एवं विद्यार्थियों का सम्मान समारोह को संबोधित कर रहे थे। मंत्री श्री सिंह के आगमन पर उनका फूल मालाओं से स्वागत किया गया। मां सरस्वती जी के चित्र पर दीप प्रज्जवलित कर राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम का गायन के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। मंत्री श्री सिंह ने इस अवसर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले शिक्षकों और विद्यार्थियों का सम्मान किया। मंत्री श्री सिंह ने सम्मान समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि हमारी सरकार ने शिक्षा के हर क्षेत्र के लिए बजट में वृद्धि की है, जिससे विद्यार्थी तकनीकी शिक्षा, चिकित्सा शिक्षा जैसी उच्च शिक्षा प्राप्त कर सकें। शिक्षा के क्षेत्र में विद्यार्थियों को बेहतर वातावरण मिले, इसके लिए सुविधाओं का भी विस्तार किया गया है, जिससे विद्यार्थी आगे बढ़कर अपनी प्रतिभाओं का प्रदर्शन कर सकें। उन्होंने इस बात पर विशेष जोर दिया कि विद्यार्थियों को प्रारंभिक स्तर से ही गुणवत्तापूर्वक शिक्षा देना आवश्यक है, जिससे विद्यार्थी अपनी रूचि अनुसार विषयों का चयन कर आगे बढ़ सकें। आयोजित कार्यक्रम को जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्रीमती अनीता राजेन्द्र ठाकुर, सीईओ जिला पंचायत श्री गजेन्द्र सिंह नागेश और जिला शिक्षा अधिकारी डॉ. अनिल कुशवाहा ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं छात्र-छात्राएं मौजूद थे। मेरावी/ ईएमएस / 30/04/2026