राज्य
01-May-2026
...


:: बड़ा गणपति पर अकेली मिली थी बच्ची, पुलिस ने कृष्ण पार्क कॉलोनी पहुँचकर परिजनों को सौंपा :: इंदौर (ईएमएस)। इंदौर के मल्हारगंज थाना क्षेत्र में डायल-112 के जवानों ने गुरुवार को सतर्कता और मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए एक 10 वर्षीय बालिका को सुरक्षित उसके परिजनों से मिलाया। बालिका घर का रास्ता भटक गई थी और बड़ा गणपति क्षेत्र में अकेली घूम रही थी। पुलिस की समय पर की गई इस कार्रवाई से न केवल बालिका सुरक्षित रही, बल्कि उसके चिंतित परिजनों को भी बड़ी राहत मिली। गुरुवार को राज्य स्तरीय पुलिस कंट्रोल रूम डायल-112 भोपाल को सूचना मिली थी कि बड़ा गणपति के पास एक बालिका अकेली मिली है, जो अपना पता बताने में असमर्थ है। सूचना मिलते ही मल्हारगंज क्षेत्र में तैनात एफआरव्ही वाहन को मौके के लिए रवाना किया गया। वाहन पर तैनात आरक्षक मनीष सलोने, डोंगरे सिंह और पायलट नेमीचंद पटेल ने मौके पर पहुँचकर बालिका को अपने संरक्षण में लिया। बालिका से प्रेमपूर्वक पूछताछ करने पर उसने बताया कि वह कृष्ण पार्क कॉलोनी की रहने वाली है। डायल-112 की टीम तत्काल उसे लेकर कॉलोनी पहुँची, जहाँ बालिका के परिजन उसे बदहवास होकर ढूँढ रहे थे। पहचान और सत्यापन की प्रक्रिया पूरी करने के बाद पुलिस ने बालिका को उसके माता-पिता के सुपुर्द कर दिया। अपनी बच्ची को सकुशल पाकर परिजनों ने पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया। पुलिस विभाग की डायल-112 हीरोज श्रृंखला के तहत इस घटना को पुलिस की तत्परता के उदाहरण के रूप में देखा जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि डायल-112 सेवा बच्चों और महिलाओं की सुरक्षा के प्रति विशेष रूप से संवेदनशील है और सूचना मिलते ही बिना समय गंवाए सहायता उपलब्ध कराई जाती है। प्रकाश/30 अप्रैल 2026