राज्य
01-May-2026


नई दिल्ली (ईएमएस)। राजधानी के नियोजित विकास और बुनियादी ढांचे को सुदृढ़ करने की जिम्मेदारी संभालने वाले दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) ने अपने कार्यबल में विस्तार की योजना बनाई है। लंबे समय से मानव संसाधन की कमी से जूझते इस संस्थान में अब 60 प्रतिशत अतिरिक्त स्टाफ की तैनाती होने जा रही है, जिससे दिल्ली के शहरी परिदृश्य को बदलने वाली रुकी हुई और प्रस्तावित योजनाओं को नई ऊर्जा मिलेगी। वर्तमान में डीडीए के पास लगभग 3000 अधिकारियों व कर्मचारियों की कार्यक्षमता है। नई योजना के तहत, प्राधिकरण 1700 अतिरिक्त पदों पर नियुक्तियां करने जा रहा है। इन नई भर्तियों के बाद डीडीए के पास कुल स्टाफ की संख्या बढ़कर 4700 से अधिक हो जाएगी। अनेक तकनीकी- प्रशासनिक पदों पर होने वाली इन नियुक्तियों से न सिर्फ कार्यकुशलता बढ़ेगी बल्कि फाइलों के निस्तारण परियोजनाओं की निगरानी में भी तेजी आएगी। अजीत झा/देवेन्द्र/नई दिल्ली/ईएमएस/01/ मई/2026