राज्य
01-May-2026


:: सिंगाजी, चचाई और बिरसिंगपुर में लगेंगे 110 मेगावाट के सौर प्लांट, ऊर्जा मंत्री ने दी जानकारी :: भोपाल/इंदौर (ईएमएस)। मध्यप्रदेश पॉवर जनरेटिंग कंपनी लिमिटेड ने पारंपरिक बिजली उत्पादन के साथ-साथ अब पर्यावरण अनुकूल स्वच्छ ऊर्जा की ओर बड़ा कदम बढ़ाया है। प्रदेश के तीन प्रमुख ताप विद्युत गृहों (थर्मल पावर प्लांट्स) के परिसर में ही 110 मेगावाट क्षमता की सौर ऊर्जा परियोजनाएं स्थापित की जाएंगी। ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने बताया कि इस नवाचार से ग्रिड की स्थिरता बढ़ेगी और उपभोक्ताओं को 24 घंटे निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित हो सकेगी। ऊर्जा मंत्री के अनुसार, ये सौर संयंत्र श्री सिंगाजी ताप विद्युत गृह (40 मेगावाट), अमरकंटक ताप विद्युत गृह चचाई (40 मेगावाट) और संजय गांधी ताप विद्युत गृह बिरसिंगपुर (30 मेगावाट) में लगाए जाएंगे। खास बात यह है कि इनका संचालन केंद्र सरकार की फ्लेक्सिबिलिटी योजना के तहत होगा। इसके माध्यम से सौर ऊर्जा को तापीय विद्युत के साथ संयोजित किया जाएगा, जिससे रात में कोयले से और दिन में सौर ऊर्जा से बिजली उत्पादन कर संतुलन बनाया जा सकेगा। पॉवर जनरेटिंग कंपनी के प्रबंध संचालक मनजीत सिंह ने बताया कि ताप विद्युत केंद्रों के भीतर ही सौर प्लांट लगाने से वहां पहले से उपलब्ध जमीन, तकनीकी विशेषज्ञता और बिजली ट्रांसमिशन की अधोसंरचना का पूरा लाभ मिलेगा। इससे न केवल परियोजना की लागत कम होगी, बल्कि क्रियान्वयन भी तेजी से हो सकेगा। कंपनी इससे पहले मंदसौर में 7 मेगावाट का सौर संयंत्र सफलतापूर्वक स्थापित कर चुकी है। यह पहल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पंचामृत लक्ष्य (2030 तक 50% ऊर्जा जरूरतें नवकरणीय स्रोतों से) को पूरा करने की दिशा में मध्यप्रदेश का बड़ा योगदान है। इसके अतिरिक्त, कंपनी अब मध्यप्रदेश अर्बन डेवलपमेंट कंपनी के लिए मुख्य सलाहकार की भूमिका भी निभा रही है, जिससे नगरीय निकायों में हरित ऊर्जा को बढ़ावा मिलेगा। इस कदम से कार्बन उत्सर्जन में कमी आएगी और प्रदेश का ऊर्जा भविष्य सुरक्षित होगा। प्रकाश/30 अप्रैल 2026