10 बार 200 से अधिक रनों के लक्ष्य हासिल किये गये मुम्बई (ईएमएस)। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के इस 19 वें सत्र में बल्लेबाज इस कदर हावी रहे हैं कि बड़े से बड़ा स्कोर भी सुरक्षित नहीं रहा है। इस बार टीमों ने लक्ष्य का पीछा करते हुए 200 से अधिक रनों के स्कोर भी आसनी से हासिल लिए। इस सत्र में पिछले सारे रिकार्ड टूट गये हैं। ये किसी आईपीएल सत्र में पहली बार है जब 10 बार 200 से बड़े लक्ष्य हासिल किये गये हैं। इससे पहले कभी ऐसा नहीं हुआ था। इस कारण अब पहली पारी में बनाए गए बड़े से बड़े स्कोर भी अब सुरक्षित नहीं माने जा रहे हैं। पिछला रिकॉर्ड आईपीएल 2025 में बना था, जब टीमों ने 9 बार 200 से अधिक के लक्ष्य हासिल किये थे। मौजूदा सीज़न का लगभग आधा हिस्सा अभी बाकी है, जिसका मतलब है कि यह आंकड़ा और भी बढ़ सकता है और रिकॉर्ड को और मजबूत कर सकता है। इस सत्र में ऐसे कई मुकाबले देखने को मिले हैं जिन्होंने क्रिकेट प्रेमियों को हैरान किया है। मुंबई इंडियंस और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच गत दिवस हुआ मैच ही लें इसमें मुम्बई की टीम 243 रन बनाने के बाद भी हार गयी। इसी प्रकार दिल्ली कैपिटल्स भी 264 रनों के स्कोर का बचाव नहीं कर पायी। इन मुकाबलों से साफ है कि अब टीमें कोई भी स्कोर हासिल कर सकती हैं। आईपीएल 2026 में 200 या उससे अधिक का लक्ष्य सफलतापूर्वक हासिल करने वाली टीमों में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर 2 बार, मुंबई इंडियंस 1 बार, पंजाब किंग्स 3 बार, राजस्थान रॉयल्स 2 बार, और सनराइजर्स हैदराबाद 2 बार शामिल हैं। इन टीमों ने अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी और दबाव में बेहतरीन प्रदर्शन से यह संभव कर दिखाया है। आईपीएल इतिहास में सबसे बड़े सफल लक्ष्य का पीछा करने का रिकॉर्ड पंजाब किंग्स ने अपने नाम किया है, जब उन्होंने दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ 265 रनों का विशाल लक्ष्य हासिल किया। दूसरे नंबर पर भी पंजाब किंग्स ही है, जिन्होंने आईपीएल 2024 में कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ 262 रनों का पीछा किया था। इसके बाद सनराइजर्स हैदराबाद का दबदबा है, जिन्होंने आईपीएल 2025 में पंजाब के खिलाफ 246 रनों का लक्ष्य, फिर आईपीएल 2026 में मुंबई के खिलाफ 244 रनों का लक्ष्य और इसी सीज़न में राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ 229 रनों का लक्ष्य सफलतापूर्वक हासिल किया है। गिरजा/ईएमएस 01 मई 2026