खेल
01-May-2026
...


मुम्बई (ईएमएस)। मुंबई इंडियंस टीम का प्रदर्शन आईपीएल के इस सत्र में बेहद खराब रहा है और लगातार मिल रही हार से वह नौवे स्थान पर खिसक गयी है। मुम्बई की हार में टीम के मुख्य तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह का खराब प्रदर्शन भी एक प्रमुख कारण रहा है। बुमराह इस सत्र में असफल रहने के बाद से ही वह प्रशंसकों के निशाने पर हैं। सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ हुए मुकाबले में बुमराह एक भी विकेट नहीं ले पाये और उन्होंने 56 रन दे दिए। यह उनके टी20 करियर के सबसे महंगे स्पेल में से एक रहा, जिसके बाद से ही वह आलोचनाओं का शिकार हो रहे हैं। ऐसे में टीम के बल्लेबाजी कोच कायरन पोलार्ड ने बुमराह का बचाव किया है। में पोलार्ड ने कहा कि हर खिलाड़ी अपने करियर में उतार-चढ़ाव से गुजरता है और बुमराह भी कोई अलग नहीं हैं। उन्होंने कहा, बुमराह ने लगातार अविश्वसनीय प्रदर्शन किया है। एक खिलाड़ी के तौर पर वह अपने खराब दौर से गुजर रहे हैं जिसमें गलतियां होती हैं। हमें हमेशा उनके बेहतरीन योगदान को याद रखना चाहिए न कि केवल एक-दो खराब प्रदर्शन पर उन्हें आंकना चाहिए। पोलार्ड ने प्रशंसकों और आलोचकों से खिलाड़ियों के प्रति थोड़ा संयम बरतने की भी अपील की। उन्होंने कहा कि खिलाड़ी हर पल सार्वजनिक जांच के दायरे में रहते हैं, जिससे उनकी गलतियां सामान्य लोगों की तुलना में कहीं ज्यादा नजर आती हैं। पोलार्ड ने तर्क दिया, जब आम लोग कोई गलती करते हैं, तो उन्हें अक्सर उसे सुधारने का मौका मिलता है, लेकिन क्रिकेटर्स को शायद ही कभी ऐसी राहत मिलती है। वे हर समय दबाव में रहते हैं। इसलिए, हमें उन्हें थोड़ा सोचने और वापसी करने का मौका देना चाहिए। यह बयान खिलाड़ियों के मानसिक स्वास्थ्य और क्रिकेट के मैदान पर उनके प्रदर्शन के बीच के नाजुक संतुलन को दिखाता है। इस सत्र में बुमराह ने अब तक 8 मैचों में केवल 2 विकेट लिए हैं, और ये उनके आईपीएल करियर का सबसे खराब आंकड़ा माना जा रहा है। उनका औसत 132 और इकॉनमी रेट 8.80 है। साल 2015 के बाद यह पहली बार है जब उनका प्रदर्शन इतना खराब रहा है हालांकि पोलार्ड का मानना है कि बुमराह जल्द ही वापसी करेंगे। गिरजा/ईएमएस 01 मई 2026