इन्दौर (ईएमएस) एक हृदय विदारक सड़क हादसे में गिट्टी भरे डंपर की चपेट में आने से अपनी मां के साथ बाईक पर सवार युवक की मौत हो गई। हादसा सांवेर थाना क्षेत्र में हुआ। पुलिस ने डंपर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। प्राप्त जानकारी अनुसार मृतकों के नाम असलम पिता मुख्त्यार पटेल उम्र बत्तीस साल निवासी नयाखेड़ा देपालपुर और उसकी मां मलका बी उम्र पचास साल है। असलम अपनी मां के साथ सांवेर के चिमली गांव में एक शादी समारोह में शामिल होने गया था जिसके बाद दोनों मोटरसाइकिल से घर लौट रहे थे। जैसे ही वे चंद्रावतीगंज मार्ग पर जीजाखेड़ा स्थित पीरबाबा दरगाह के पास पहुंचे, सामने से आ रहा गिट्टी भरा डंपर अचानक असंतुलित होकर पलट गया और सीधे मोटरसाइकिल पर आ गिरा, जिससे असलम और उनकी मां उसके नीचे दब गए। सूचना पर तत्काल सांवेर थाना प्रभारी गिरिजाशंकर महोबिया और एसडीओपी देवेन्द्र धुर्वे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। और क्रेन बुलवा डंपर को हटाने के बाद शव बाहर निकलवाये। पुलिस के अनुसार डंपर आर. के. कंस्ट्रक्शन बड़वानी का है। इसे चालक अरविंद पिता मोहब्बतसिंह यादव चला रहा था जिसे गिरफ्तार कर कार्रवाई शुरू कर दी गई है। आनंद पुरोहित/ 01 मई 2026