राज्य
01-May-2026


* उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी की उपस्थिति में साहस, अनुशासन और देशभक्ति का अनूठा नजारा सूरत (ईएमएस)| गुजरात स्थापना दिवस के पावन अवसर पर सूरत में उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी की उपस्थिति में गुजरात पुलिस द्वारा भव्य और अद्भुत ‘मशाल पी.टी. टॉर्च लाइट ड्रिल’ का आयोजन किया गया। इस दौरान पुलिस जवानों ने साहसिक करतबों का प्रदर्शन करते हुए शौर्य, अनुशासन, एकाग्रता तथा शारीरिक दक्षता का शानदार परिचय दिया, जिससे सूरतवासी मंत्रमुग्ध हो गए। उपमुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में विशेष रूप से उपस्थित रहकर जवानों के प्रदर्शन को देखा और उनका उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम की शुरुआत पुलिस बैंड के मधुर और जोशीले सुरों के साथ हुई। इस अवसर पर कलेक्टर डॉ. सौरभ पारधी, राज्य पुलिस प्रमुख डॉ. के.एल.एन. राव, सूरत पुलिस कमिश्नर अनुपम सिंह गहलोत, संयुक्त पुलिस आयुक्त वाबांग जमीर, जेसीपी (क्राइम) करणराज वाघेला, ट्रैफिक जेसीपी सज्जन सिंह सहित सीनियर अधिकारी उपस्थित रहे। साथ ही सांसद मुकेशभाई दलाल, विधायक मनुभाई पटेल, प्रवीणभाई घोघारी, संदीप देसाई और संगीता पाटिल सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति तथा बड़ी संख्या में नागरिकों ने कार्यक्रम का आनंद लिया। करतबों ने जीता सूरतवासियों का दिल चेतक कमांडो द्वारा प्रस्तुत ‘बस हाईजैक’ डेमो कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रहा। इसमें आतंकवादी परिस्थितियों में ऑपरेशन को कैसे अंजाम दिया जाता है, इसका जीवंत प्रदर्शन कर लोगों में सुरक्षा का विश्वास जगाया गया। इसके बाद अहमदाबाद जीपका ट्रेनिंग सेंटर के 300 पुलिस जवानों ने हाथों में जलती मशाल लेकर ‘मशाल पी.टी.’ प्रस्तुत की। अंधकार में मशालों की रोशनी से जवानों ने ‘नो ड्रग्स’, ‘जय तापी’, ‘गुजरात पुलिस’ और ‘जय हिंद’ जैसी आकृतियां बनाकर दर्शकों को रोमांचित कर दिया। मशालों के साथ गरबा की ताल पर झूमते जवानों ने माहौल को उत्सवमय बना दिया। सूरत पुलिस के 17 घुड़सवार जवानों ने घुड़सवारी और विभिन्न करतबों का प्रदर्शन किया। नागरिकों ने पुलिस की इस अनुशासित और साहसिक प्रस्तुति को जोरदार तालियों से सराहा। पूरे कार्यक्रम ने सूरत पुलिस की तैयारी, क्षमता, जनसुरक्षा के प्रति प्रतिबद्धता और देशभक्ति की भावना का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। सतीश/01 मई