राज्य
01-May-2026


राजकोट (ईएमएस)| शहर के आजीडेम चौकड़ी के पास स्थित कालीपाट क्षेत्र में आज एक भीषण सड़क हादसा हो गया। दूध के केन से भरी एक पिकअप बोलेरो अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। इस दर्दनाक हादसे में 55 वर्षीय भीमाभाई अमरसिंहभाई मकवाणा की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना इतनी भयावह थी कि वाहन में सवार अन्य 11 लोग घायल हो गए, जिनमें एक ही परिवार के 6 सदस्य शामिल हैं। इस परिवार में पति-पत्नी और उनके 4 बच्चे भी घायल हुए हैं। घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और प्रशासन की मदद से 10 घायलों को राजकोट सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जबकि एक घायल को निजी अस्पताल में उपचार के लिए ले जाया गया है। मृतक के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सिविल अस्पताल के पीएम रूम में भेज दिया गया है। इस पूरे मामले में आजीडेम पुलिस ने दुर्घटना का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सतीश/01 मई