वॉशिंगटन(ईएमएस)। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने यूनाइटेड किंगडम से आने वाली व्हिस्की पर लगे सभी टैरिफ और व्यापारिक प्रतिबंधों को तत्काल प्रभाव से हटाने की घोषणा की है। यह महत्वपूर्ण निर्णय ब्रिटेन के राजा चार्ल्स III और रानी कैमिला के हालिया अमेरिकी दौरे के समापन के ठीक बाद लिया गया है। राष्ट्रपति ट्रंप ने इस कदम को शाही जोड़े के प्रति सम्मान और दोनों देशों के बीच ऐतिहासिक व्यापारिक संबंधों को नई मजबूती देने वाला बताया है। डोनाल्ड ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर इस फैसले की जानकारी साझा करते हुए लिखा कि किंग और क्वीन के सम्मान में, जो अभी-अभी व्हाइट हाउस से अपने देश के लिए रवाना हुए हैं, मैं व्हिस्की पर लगे तमाम प्रतिबंध हटा रहा हूं। ट्रंप ने जोर देकर कहा कि इस फैसले से स्कॉटलैंड की व्हिस्की और अमेरिका के केंटकी की बोरबन इंडस्ट्री को भारी लाभ होगा। ये दोनों ही क्षेत्र अपने देशों की अर्थव्यवस्था के लिए बेहद महत्वपूर्ण माने जाते हैं। राष्ट्रपति के अनुसार, दोनों देशों के बीच साझा सप्लाई चेन, विशेष रूप से लकड़ी के बैरल (पीपे) का उपयोग, इस उद्योग को आपस में गहराई से जोड़ता है। एक कार्यकारी आदेश (एग्जीक्यूटिव ऑर्डर) पर हस्ताक्षर करते हुए ट्रंप ने स्पष्ट किया कि शाही दौरे का इस आर्थिक फैसले पर सीधा और सकारात्मक प्रभाव पड़ा है। उन्होंने चुटकी लेते हुए कहा कि किंग और क्वीन ने उनसे वह काम करवा लिया, जो पिछले कई वर्षों में कोई और नहीं कर पाया था। ट्रंप ने इसे अपने लिए सम्मान की बात बताते हुए कहा कि अब स्कॉटलैंड और केंटकी के बीच व्यापारिक बाधाएं दूर हो गई हैं और कारोबार फिर से सुगमता से चल सकेगा। अपने इस दौरे के दौरान राजा चार्ल्स III ने न केवल कूटनीतिक मुलाकातें कीं, बल्कि न्यूयॉर्क में 9/11 हमलों के पीड़ितों को श्रद्धांजलि भी अर्पित की। उन्होंने पीड़ित परिवारों और राहतकर्मियों से मुलाकात कर अमेरिका के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की। अमेरिकी कांग्रेस को संबोधित करते हुए किंग चार्ल्स ने वैश्विक एकता और संकट के समय अमेरिका-ब्रिटेन के साझा सहयोग को याद किया था। विशेषज्ञों का मानना है कि ट्रंप के इस फैसले से ब्रेक्सिट के बाद अपनी अर्थव्यवस्था को संभालने में जुटे ब्रिटेन को अंतरराष्ट्रीय बाजार में एक बड़ी राहत मिलेगी। वीरेंद्र/ईएमएस/01मई 2026