राष्ट्रीय
01-May-2026
...


जबलपुर क्रूज हादसा : मां से चिपका हुआ 4 वर्षीय बेटे का शव जबलपुर (ईएमएस)। जबलपुर क्रूज हादसे से आज सुबह ये भावुक तस्वीर सामने आई है। इस हादसे में कल गुरुवार को जहां 4 शव बरामद किए गए थे वहीं रेस्क्यू टीम ने आज सुबह क्रूज के भीतर से पांच अन्य शव बरामद कर लिए हैं और अब लापता चार लोगों की तलाश जारी है। वैसे तो रोमांचकारी क्रूज सैर को दुर्भाग्य से अपनी अंतिम सैर बनाकर शव के रूप में बाहर पहुंचे हर शख्स ने वहां मौजूद हर व्यक्त को द्रवित कर दिया लेकिन इनमें एक मां और बेटे के शव को देखकर वहां मौजूद लोग बेहद भावुक हो गए। जाने कितने घंटे इस मां ने अपने बेटे को बचाने के लिए जददो जहद की होगी। उसने अपनी ही लाइफ जैकेट में बच्चे को बचाने की कोशिश की, लेकिन नियति ने उसे सही सलामत अपने लाल सहित बाहर आने का मौका नहीं दिया। वह क्रूज से बाहर नहीं निकल पाई और क्रू में ही कैद हो कर रह गई। अंत समय में मां अपने मासूम बच्चे को सीने से चिपकाए हुए थी। मानो आखिरी पल तक उसे बचाने की कोशिश करती रही हो। उक्त शव दिल्ली निवासी मरीना मसीह व उनके चार वर्षीय बेटे प्रशांत का है। मरीना के पति जूलियस मसीह रक्षा मंत्रालय दिल्ली में हैं। जबलपुर में ओएफके एस्टेट जबलपुर में आए थे। सभी परिवार सहित बरगी बांध घूमने गए थे। मरीना 39 वर्ष व करीब 4 साल के बेटे प्रशांत के शव आज सुबह रेस्क्यू के दौरान मिले हैं जबकि महिला के पति प्रदीप और बेटी सिया सहित अन्य स्वजन सुरक्षित हैं।सुरक्षा इंतजामों पर उठे सवाल-इस हादसे ने पर्यटन विभाग की लापरवाही को उजागर कर दिया है। मौसम खराब होने के संकेत पहले से थे। उसके बाद भी क्रूज चलाया गया। क्रूज पर सवार सभी यात्रियों को लाइफ जैकेट पहनाना सुनिश्चित नहीं किया गया। आपात स्थिति में तुरंत रेस्क्यू के पर्याप्त इंतजाम नहीं थे। विशेषज्ञों के अनुसार इस हादसे के पीछे तीन मुख्य कारण सामने आए हैं । इनमें एक तो खराब मौसम के बावजूद क्रूज का संचालन माना जा रहा है वहीं दूसरा पानी भरने से क्रूज का संतुलन बिगड़ना और तीसरा सुरक्षा उपकरणों के उपयोग में लापरवाही माना जा रहा है।प्रदेश में क्रूज संचालन पर रोकबरगी क्रूज हादसे के बाद प्रदेश में सभी पर्यटन स्थलों पर जहां कहीं भी क्रूज का संचालन किया जा रहा है उसे तत्काल रोकने के आदेश दे दिए गए हैं। पर्यटन विभाग ने प्रदेशभर में क्रूज संचालन पर रोक लगा दी है। पर्यटन मंत्री धर्मेंद्र लोधी ने कहा कि सभी क्रूज की फिटनेस की जांच की जाएगी और केवल मानकों पर खरे उतरने वाले क्रूज के संचालन की ही अब अनुमति दी जाएगी। क्रूज चालक की योग्यता की होगी जांचबरगी हादसे के ‎जिम्मेदार क्रूज के चालक की योग्यता को लेकर भी चर्चाओं का दौर जारी है। बताया जाता है कि क्रूज का चालक पूर्व में क्लीनर था और उसे ही बाद में बरगी बांध में क्रूज के संचालन की जवाबदारी दे दी गई थी । यह तथ्य सामने आने पर पर्यटन मंत्री श्री लोधी ने कहा कि चालक की योग्यता और नियुक्ति प्रक्रिया की भी जांच की जाएगी और यदि किसी तरह की लापरवाही पायी गई तो सख्त कार्यवाही की जाएगी।लापता नहीं अस्पताल में है वंदना -सरकारी सूची में लापता बताई जा रही वंदना थापा सुरक्षित हैं और उन्हें जबलपुर के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनके साथ उनका बच्चा भी पूरी तरह सुरक्षित है। वंदना के पति का नाम रौशन आनंद कोरी है, लेकिन सूची में उनके पति का नाम त्रुटिवश रौशन आनंद वर्मा दर्ज कर लिया गया था, जिससे भ्रम की स्थिति बनी थी। इस सुधार के बाद परिवार ने राहत की सांस ली है। वंदना और उनके बच्चे का अस्पताल में उपचार चल रहा है और दोनों खतरे से बाहर बताए जा रहे हैं। एसजे / ०१ मई 26