-महादेव के दर्शन और आशीर्वाद लेकर नई पहल ‘अपनी बात, अपनों के साथ’ की शुरू देहरादून,(ईएमएस)। गौतम अडाणी अपनी पत्नी प्रीति अडाणी के साथ केदारनाथ धाम यात्रा की और भगवान महादेव के दर्शन किए। इस दौरान उन्होंने नई पहल ‘अपनी बात, अपनों के साथ’ शुरू करने का ऐलान किया। एक्स पर गौतम अडाणी ने कहा कि आज का दिन मेरे लिए विशेष है, एक ओर विश्व श्रमिक दिवस है और दूसरी ओर मेरी शादी की 40वीं वर्षगांठ है। इस पावन अवसर की शुरुआत मैंने अपनी पत्नी प्रीति के साथ केदारनाथ धाम में भगवान महादेव के दर्शन और आशीर्वाद से की। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक गौतम अडाणी ने कहा कि चार दशकों की इस यात्रा में, प्रीति का साथ मेरे लिए केवल जीवन का संबल नहीं, बल्कि हर चुनौती में एक शांत शक्ति और हर सफलता में एक विनम्र आधार रहा है, इसके लिए मैं हृदय से उनका आभारी हूं। हमने महादेव से प्रार्थना की कि वह हमारे देश को निरंतर प्रगति, समृद्धि और शक्ति प्रदान करें, और हम सभी को राष्ट्र निर्माण में अपना श्रेष्ठ योगदान देने की प्रेरणा दें। इसके साथ उन्होंने पोस्ट में कहा कि आज, विश्व श्रमिक दिवस के अवसर पर, मैं अडाणी परिवार के अपने 4 लाख से ज्यादा साथियों से जुड़ने के लिए एक नई पहल, ‘अपनी बात, अपनों के साथ’ की शुरुआत कर रहा हूं। उन्होंने का कि यह मेरे लिए केवल एक औपचारिक संवाद नहीं, बल्कि अडाणी परिवार में सभी से दिल से जुड़ने का एक प्रयास है। इस पहल के जरिए मैं समय-समय पर अपने विचार, अपने अनुभव और अपनी सीख साझा करूंगा और उतनी ही विनम्रता से सीखने का प्रयास भी करूंगा। उन्होंने कहा कि मेरा दृढ़ विश्वास है कि जब अडाणी परिवार के लाखों सदस्य एक-दूसरे के सहयोगी बनकर राष्ट्र निर्माण के संकल्प से जुड़ेंगे, तब हम सिर्फ परियोजनाएं ही नहीं बनाएंगे, बल्कि विकसित भारत के सपने को साकार करने की दिशा में अपना विनम्र योगदान भी दे सकेंगे। आप सभी का विश्वास और साथ ही मेरी सबसे बड़ी शक्ति है। सिराज/ईएमएस 01अप्रैल26