- विशेषज्ञों ने वैश्विक व्यापारिक चुनौतियों और भारत की रणनीति पर रखे विचार बिलासपुर (ईएमएस)। अटल बिहारी वाजपेयी विश्वविद्यालय में वाणिज्य एवं वित्तीय अध्ययन विभाग के अंतर्गत व्याख्यान माला श्रृंखला के तहत अंतर्राष्ट्रीय व्यापार विश्लेषण विषय पर व्याख्यान आयोजित किया गया। कार्यक्रम कुलपति प्रो. ललित प्रकाश पटेरिया के निर्देशन में संपन्न हुआ।कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में प्रो. रेखा आचार्य उपस्थित रहीं, जिन्होंने अंतर्राष्ट्रीय व्यापार के वर्तमान परिदृश्य, वैश्विक संकटों और नीतिगत बदलावों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की टैरिफ नीति के प्रभावों और उससे उत्पन्न वैश्विक व्यापारिक चुनौतियों पर भी चर्चा की। भारत की भूमिका को बताया महत्वपूर्ण व्याख्यान में बताया गया कि वर्तमान समय में भारत अंतर्राष्ट्रीय व्यापार के क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। देश की सुदृढ़ कूटनीति और व्यापार नीतियों के चलते लघु एवं कुटीर उद्योगों तथा कृषि क्षेत्र को सकारात्मक लाभ मिल रहा है। विद्यार्थियों को मिला मार्गदर्शन कार्यक्रम की अध्यक्षता विभागाध्यक्ष डॉ. अतुल दुबे ने की, जबकि संयोजन डॉ. सुमोना भट्टाचार्य और आभार प्रदर्शन डॉ. पूजा पाण्डेय ने किया। इस अवसर पर श्री आदित्य प्रताप सिंह, डॉ. महेन्द्र मेहता, श्री खेमेन्द्र देवांगन सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को वैश्विक व्यापार की समझ विकसित करने और भविष्य की संभावनाओं को जानने का अवसर मिला। मनोज राज 01 मई 2026