राजगढ़(ईएमएस)l कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा एवं पुलिस अधीक्षक अमित तोलानी की उपस्थिति में जिले के समस्त आधार ऑपरेटरों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में आधार संबंधी कार्यों में पारदर्शिता, वैधानिकता एवं जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए सख्त निर्देश जारी किए गए। कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने स्पष्ट रूप से निर्देशित किया कि बिना प्रामाणिक दस्तावेजों के किसी भी प्रकार की जानकारी में संशोधन पूर्णतः प्रतिबंधित है।यदि किसी ऑपरेटर द्वारा आधार में उम्र बढ़ाने-घटाने या अन्य किसी प्रकार की छेड़छाड़ की जाती है, तो संबंधित के विरुद्ध तत्काल एफआईआर दर्ज कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि जन्मतिथि में संशोधन केवल वैध जन्म प्रमाण पत्र या सक्षम अधिकारी द्वारा जारी प्रमाण पत्र के आधार पर ही किया जाए। बिना वैध दस्तावेज के किसी भी प्रकार का परिवर्तन स्वीकार्य नहीं होगा। साथ ही सभी आधार केंद्रों का भौतिक सत्यापन कराने तथा प्रत्येक केंद्र पर सीसीटीवी कैमरे अनिवार्य रूप से स्थापित करने के निर्देश भी दिए गए। पुलिस अधीक्षक श्री तोलानी ने बैठक में कहा कि जिले में कुछ लोग बाल विवाह जैसे अवैध कृत्यों को अंजाम देने के लिए आधार में उम्र में हेरफेर करने का प्रयास कर रहे हैं, जो कि गंभीर अपराध है।उन्होंने सभी ऑपरेटरों को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि कोई व्यक्ति उम्र बढ़ाने या घटाने के लिए दबाव बनाता है, तो इसकी तत्काल सूचना पुलिस को दें। ऐसे मामलों में संलिप्त पाए जाने पर संबंधित व्यक्ति एवं ऑपरेटर दोनों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी और सीधे जेल भेजा जाएगा। कलेक्टर डॉ. मिश्रा एवं पुलिस अधीक्षक श्री तोलानी ने संयुक्त रूप से निर्देशित किया कि कोई भी आधार ऑपरेटर बिना वैध एवं प्रामाणिक दस्तावेजों के आधार कार्ड में किसी भी प्रकार का संशोधन या छेड़छाड़ न करे, अन्यथा कठोर दंडात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारी एवं जिले के सभी आधार ऑपरेटर उपस्थित रहे। - निखिल/राजगढ़/1/5/2026