- पावर ट्रांसमिशन कंपनी ने 417 सबस्टेशनों में लागू किया स्वदेशी एप जबलपुर (ईएमएस)। मध्य प्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी ने आधिकारिक कामकाज में बड़ा बदलाव करते हुए व्हाट्सएप के इस्तेमाल पर पूरी तरह रोक लगा दी है। अब प्रदेश के सभी 417 सबस्टेशनों में सरकारी सूचना के आदान-प्रदान के लिए सिर्फ स्वदेशी “आराताई एप” का ही उपयोग किया जाएगा। जबलपुर मुख्यालय से यह आदेश मुख्य अभियंता राजीव अग्रवाल के निर्देश पर जारी किया गया है। 1 अप्रैल से यह नई व्यवस्था पूरे प्रदेश में लागू हो चुकी है। इसके तहत सभी पुराने व्हाट्सएप ग्रुप बंद कर दिए गए हैं और उनकी जगह आराताई एप पर नए ग्रुप बनाए गए हैं। विभाग ने साफ कर दिया है कि अब किसी भी कर्मचारी या अधिकारी द्वारा व्हाट्सएप पर भेजी गई जानकारी मान्य नहीं होगी। अगर कोई कर्मचारी व्हाट्सएप के जरिए सूचना देता है, तो उसे रिपोर्ट न करने के बराबर माना जाएगा। इस नई व्यवस्था का मकसद सरकारी कामकाज में गोपनीयता और सुरक्षा को बढ़ाना है। अब सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को अपने दैनिक काम और संवाद के लिए केवल आराताई एप का ही उपयोग करना होगा। सुनील साहू / शहबाज / 01 मई 2026/ 05.45