क्षेत्रीय
01-May-2026
...


- वैश्विक लीगल लीडर्स में बनाई जगह गुना (ईएमएस) । छोटे शहर से निकलकर अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहचान बनाना आसान नहीं होता, लेकिन गुना की अलपा सूद ने यह कर दिखाया है। उन्हें दुनिया के प्रतिष्ठित “टॉप 40 इनोवेटिव लीगल लीडर्स” में शामिल किया गया है। खास बात यह रही कि उनकी इस उपलब्धि को न्यूयॉर्क के टाइम्स स्क्वायर की बड़ी स्क्रीन पर प्रदर्शित किया गया, जो किसी भी पेशेवर के लिए गौरव का क्षण माना जाता है। अलपा सूद वर्तमान में मार्वल सेमीकंडक्टर कंपनी में इंडिया लीगल हेड के पद पर कार्यरत हैं। यह कंपनी डेटा सेंटर और आधुनिक तकनीकी चिप्स के क्षेत्र में वैश्विक स्तर पर काम करती है। भारत में कंपनी के कानूनी मामलों की जिम्मेदारी अलपा के पास है। उनकी कार्यशैली और नवाचार को देखते हुए उन्हें यह अंतरराष्ट्रीय सम्मान मिला है। शिक्षा के क्षेत्र में भी अलपा का सफर मजबूत रहा है। उन्होंने ग्वालियर के सिंधिया कन्या विद्यालय से स्कूली पढ़ाई की और इसके बाद पुणे के आईएलएस लॉ कॉलेज से कानून की पढ़ाई पूरी की। अलपा गुना के एक प्रतिष्ठित व्यवसायी परिवार से ताल्लुक रखती हैं। उनके पिता का शहर में ट्रेवल्स का कारोबार है। जैसे ही उनकी उपलब्धि की खबर सामने आई, परिवार और परिचितों में खुशी का माहौल बन गया। इस उपलब्धि पर केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने भी उन्हें शुभकामनाएं दी हैं। अलपा की सफलता ने गुना ही नहीं, पूरे क्षेत्र की बेटियों के लिए एक नया उदाहरण पेश किया है। -सीताराम नाटानी