- एक पक्ष पर FIR, दूसरे ने CCTV के साथ दी शिकायत पुरानी कलेक्टोरेट में हंगामा, दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर लगाए गंभीर आरोप गुना (ईएमएस) । शहर के कैंट थाना क्षेत्र स्थित पुरानी कलेक्टोरेट परिसर में रजिस्ट्री सुधार को लेकर हुआ विवाद अब पुलिस तक पहुंच गया है। इस मामले में एक पक्ष की शिकायत पर पुलिस ने रजिस्ट्री लेखक के खिलाफ मारपीट सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है, वहीं दूसरे पक्ष ने खुद को पीड़ित बताते हुए पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पुलिस ने दूसरे पक्ष की एफआईआर दर्ज नहीं की है और मामले की जांच जारी है। जानकारी के अनुसार राधा कॉलोनी निवासी शिव सिंह रघुवंशी ने आरोप लगाया कि उन्होंने दो वर्ष पहले दलवी नगर स्थित प्लॉट की रजिस्ट्री पुरानी कलेक्टोरेट परिसर में कार्यरत रजिस्ट्री लेखक हिदायत उल्ला हनफी से कराई थी। रजिस्ट्री में प्लॉट नंबर और चतुर्सीमा गलत टाइप होने के कारण वह लंबे समय से सुधार के लिए चक्कर लगा रहे थे। 30 अप्रैल को वह इसी सिलसिले में हिदायत उल्ला के पास पहुंचे, जहां विवाद बढ़ गया। शिव सिंह का आरोप है कि हिदायत उल्ला, उसके भाई और अन्य लोगों ने गाली-गलौज करते हुए उनके साथ मारपीट की, जिससे उन्हें सिर और आंख के पास चोटें आईं। इस पर कैंट थाना पुलिस ने धारा 119(1), 191(2), 296(बी) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया है। वहीं रजिस्ट्री लेखक हिदायत उल्ला हनफी ने इस पूरे मामले को उलट बताते हुए खुद को पीड़ित बताया है। उन्होंने पुलिस अधीक्षक को दिए आवेदन में कहा कि शिव सिंह उनके कार्यालय पहुंचे और जल्द काम करने को लेकर दबाव बनाने लगे। जब उन्हें थोड़ी देर इंतजार करने को कहा गया तो वह आक्रामक हो गए और गाली-गलौज करते हुए मारपीट करने लगे। हिदायत ने यह भी बताया कि वह एक पैर से दिव्यांग हैं, जिसका फायदा उठाकर उनके साथ अभद्र व्यवहार किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई और पूरे घटनाक्रम को गलत तरीके से उनके खिलाफ पेश किया जा रहा है। हिदायत उल्ला ने घटना का सीसीटीवी फुटेज होने का दावा करते हुए पुलिस से निष्पक्ष जांच की मांग की है। उनका कहना है कि विवाद के दौरान शिव सिंह की तबीयत बिगड़ने पर उन्होंने ही पानी पिलाकर अस्पताल भिजवाया। फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों के बयान और साक्ष्यों के आधार पर जांच कर रही है, जिसके बाद ही आगे की कार्रवाई तय होगी। -सीताराम नाटानी