नई दिल्ली (ईएमएस)। बाहरी दिल्ली के शालीमार बाग क्षेत्र में दो घरों में ढाई करोड़ रुपये कीमत के सोने के आभूषण व नकदी चुराने वाली घरेलू सहायिका के विभिन्न बैंकों में 15 गोल्ड लोन अकाउंट और उसमें रखे सोने की जानकारी सामने आने के बाद पुलिस भी हैरत में पड़ गई। आरंभिक जांच में सामने आया है कि घरेलू सहायिका के विभिन्न बैंकों में 15 गोल्ड लोन अकाउंट हैं और इनमें तीन में दो किलोग्राम सोना रखा गया है। अकाउंट में रखे आभूषणों की कीमत तीन करोड़ आंकी गई है। पुलिस का मानना है कि 15 गोल्ड लोन अकाउंट मिलना किसी बड़े वित्तीय नेटवर्क की ओर इशारा कर रहा है। जांच में आरोपित महिला के सहयोगियों की संलिप्तता के संकेत भी मिले हैं। सभी अकाउंट दिल्ली में खुले हैं। पुलिस ने आरोपित का बैंक अकाउंट फ्रीज कर जांच आरंभ कर दी है। जांच में यह भी पता चला है कि बैंक से सोने की एवज में आरोपित ने पांच लाख रुपये का लोन भी लिया है। 18 साल पहले पंजाबी बाग थाने में दर्ज प्राथमिकी में आरोपित महिला का नाम दर्ज पाया गया है। उत्तर-पश्चिम जिला पुलिस उपायुक्त आकांक्षा यादव ने बताया कि 19 अप्रैल को शालीमार बाग के बीक्यू-ब्लाक स्थित व्यवसायी विजयपाल गुप्ता के घर में चोरी के मामले में पुलिस ने घरेलू सहायिक सोना उर्फ के. सोनिया (45 वर्ष) को गिरफ्तार किया है। आरोपित आदतन अपराधी है। आरोपित के सुनियोजित तरीकों एवं पुलिस से बचने के प्रयासों के कारण यह मामला चुनौतीपूर्ण था। सीसीटीवी फुटेज के विश्लेषण और तकनीकी निगरानी के माध्यम से पुलिस आरोपित तक पहुंच पाई। - नई दिल्ली/ईएमएस/01/ मई/2026