नई दिल्ली (ईएमएस)। दिल्ली में एक करोड़ रुपये की लूट के मामले में दिल्ली पुलिस का हेड कॉन्स्टेबल गिरफ्तार किया गया है। बाड़ा हिंदू राव थाना पुलिस ने आरोपी हेड कॉन्स्टेबल को गिरफ्तार किया है। शुरुआती जांच में पता चला कि समय सिंह मीणा 2009 बैच का सिपाही है। इस पर पहले भी तीन मुकदमे दर्ज हैं। फिर भी दिल्ली पुलिस की बटालियन में तैनात था। पुलिस के अनुसार, इस पर जो तीन मुकदमे हैं, वे सराय रोहिल्ला और चांदनी महल थाना इलाके के हैं। इसमें भी वह पकड़ा जा चुका है, उसके बाद भी दिल्ली पुलिस में तैनात था। इसने 31 मार्च को लूट की वारदात को अपने साथियों के साथ अंजाम दिया था, जिसके बाद इसके सभी साथी पहले ही पकड़े जा चुके हैं। बताया कि ये वारदात के बाद फरार हो गया था। दिल्ली पुलिस सूत्रों का कहना है कि इस आरोपी को तलाशने के लिए सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का सहारा लिया गया, जिसके बाद इसकी टेक्निकल सर्विलांस के जरिए जानकारी जुटा गई। - ईएमएस/01/ मई/2026