क्षेत्रीय
01-May-2026


भिंड ( ईएमएस ) | मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद (योजना आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग) विकासखंड मेहगांव द्वारा जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत ऐतिहासिक वनखण्डेश्वर मंदिर परिसर स्थित प्राचीन तालाब पर जल स्रोतों के संरक्षण हेतु सामूहिक श्रमदान किया गया, एवं जल संरक्षण पर जागरूकता बैठक आयोजित की। तथा भीषण गर्मी को ध्यान में रखते हुए पक्षियों के लिए पानी के सकोरे भी विभिन्न स्थानों पर टांगे गए। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में प्रस्फुटन समिति सदस्य, नवांकुर संस्था प्रतिनिधि, स्थानीय नागरिकों, एवं सीएमसीएलडीपी विद्यार्थियों की सहभागिता रही। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में ग्वालियर-चंबल संभाग प्रभारी श्री अभिताभ श्रीवास्तव, विशिष्ट अतिथि के रूप में संभाग समन्वयक श्री धर्मेन्द्र सिसोदिया जिला समन्वयक शिव प्रताप सिंह भदोरिया एवं ब्लॉक समन्वयक जयप्रकाश शर्मा उपस्थित थे। अतिथियों ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जल संरक्षण के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला और समाज के प्रत्येक व्यक्ति को इस दिशा में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। कार्यक्रम की शुरुआत सामूहिक श्रमदान से हुई, जिसमें उपस्थित लोगों ने तालाब की साफ-सफाई,एवं मिट्टी निकाल कर जल संचयन की क्षमता बढ़ाने के लिए श्रमदान कर जल संरक्षण का संदेश दिया। मुख्य अतिथि श्री अभिताभ श्रीवास्तव ने अपने संबोधन में कहा कि यदि हम आज अपने पारंपरिक जल स्रोतों को पुनर्जीवित नहीं करेंगे, तो कल हमें भारी जल संकट का सामना करना पड़ेगा। वर्तमान समय में जल संरक्षण केवल एक आवश्यकता नहीं बल्कि अनिवार्यता बन चुका है। यदि आज हम जल को बचाने के लिए ठोस कदम नहीं उठाएंगे, तो आने वाली पीढ़ियों को गंभीर जल संकट का सामना करना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि जन अभियान परिषद द्वारा चलाया जा रहा जल गंगा संवर्धन अभियान समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। संभाग समन्वयक श्री धर्मेन्द्र सिसोदिया ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि जल संरक्षण केवल सरकारी जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि यह हम सभी का सामूहिक दायित्व है। छोटे-छोटे प्रयास जैसे वर्षा जल संचयन, तालाबों की सफाई और जल का विवेकपूर्ण उपयोग हमें जल संकट से बचा सकते हैं। उन्होंने उपस्थित लोगों को नियमित रूप से ऐसे कार्यक्रमों में भाग लेने के लिए प्रेरित किया। जागरूकता बैठक में जिला समन्वयक एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने जल संरक्षण के विभिन्न उपायों पर चर्चा की। कार्यक्रम का संचालन एवं आभार जय प्रकाश शर्मा ने किया। इस अवसर पर भीषण गर्मी को देखते हुए बेजुबान पक्षियों की प्यास बुझाने के उद्देश्य से वनखण्डेश्वर मंदिर परिसर के पेड़ों पर मिट्टी के सकोरे टांगे गए। अतिथियों ने स्वयं अपने हाथों से सकोरे बांधे और उनमें पानी भरा। साथ ही उपस्थित युवाओं और प्रस्फुटन समितियों के सदस्यों से अपील की गई कि वे अपने घरों की छतों और सार्वजनिक स्थानों पर पक्षियों के लिए दाना-पानी की व्यवस्था सुनिश्चित करें। कार्यक्रम में शामिल विद्यार्थियों ने वृक्ष लगाने, पानी बचाने, पालीथिन का उपयोग न करने नारों को प्रस्तुत किया। सभी लोगों ने जल संरक्षण जागरूकता को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में एम एस चौहान, देव चौधरी, रामू राठौर, पान सिंह बृजेश शर्मा, शिवम शर्मा, राहुल, राजेश गुर्जर, श्यामसुंदर त्यागी, रामकुमार, मुकेश कर्ण, राकेश श्रीवास अरविंद सिंह, बृजेश सिंह सहित लगभग एक सैकड़ा लोग उपस्थित रहे।