दतिया ( ईएमएस ) | प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा श्रमिक परिवारों को संबल प्रदान करते हुए मुख्यमंत्री जनकल्याण (संबल) योजना अंतर्गत सम्पूर्ण म.प्र. में 27,167 श्रमिक परिवारों को 600 करोड़ की अनुग्रह सहायता राशि का अंतरण किया गया। विगत दिवस भोपाल से मुख्यमंत्री निवास से आयोजित मुख्यमंत्री जनकल्याण संबल योजना की अनुग्रह राशि के वितरण कार्यक्रम का सीधा प्रसारण एनआईसी कक्ष दतिया में देखा एवं सुना गया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा सिंगल क्लिक के माध्यम से दतिया जिले के 261 श्रमिकों को मुख्यमंत्री जनकल्याण संबल योजना की अनुग्रह राशि 5 करोड़ 76 लाख रुपये राशि का अंतरण किया गया। जिनमें 234 परिवारों को सामान्य मृत्यु, 27 परिवारों को दुर्घटना मृत्यु अंतर्गत सहायता राशि अंतरित की गई। जिन निकायों में वितरण किया गया उनमें जनपद पंचायत दतिया से 92 हितग्राही, जनपद पंचायत भांडेर से 58, जनपद सेवढ़ा से 59, नगरपालिका दतिया से 29, नगर परिषद इंदरगढ़ से 12, नगर परिषद भांडेर से 05, नगर परिषद सेवढ़ा से 04, नगर परिषद बड़ौनी से 02 हितग्राहियों को राशि अंतरित की गई है। कार्यक्रम में केंद्र तथा म.प्र. शासन द्वारा चलाई जा रही जन कल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिलने के बारे में जानकारी हासिल की। मुख्यमंत्री डॉ. यादव द्वारा हितग्राहियों से अपील की कि वह अधिक से अधिक केन्द्रीय एवं म.प्र. सरकार द्वारा चलाई जा रही शासकीय योजनाओं का लाभ लेकर अपने आप को एवं परिवार को संबल बनायें। कार्यक्रम में अपर कलेक्टर दतिया महेन्द्र सिंह कवचे, नगरपालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि प्रशांत ढेंगला, सहायक श्रमपदाधिकारी योगेश सिंघल, नगरपालिका दतिया से भोले विश्वकर्मा, श्रमविभाग से अभिषेक सक्सेना, सुमित शर्मा एवं हितग्राहीगण उपस्थित रहे।