प्रताप सिंह बाजवा ने सभी विधायकों का एल्कोहल मीटर टेस्ट कराने की मांग की चंडीगढ़,(ईएमएस)। शिरोमणि अकाली दल ने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान पर विधानसभा में शराब पीकर आने का गंभीर आरोप लगाया है। पंजाब की विपक्षी पार्टी शिरोमणि अकाली दल ने मुख्यमंत्री मान का एक्स पर वीडियो जारी किया है। वीडियो जारी कर अकाली दल ने लिखा है कि, बहुत शर्म की बात है कि मान आज मजदूर दिवस के मौके पर पवित्र सदन विधानसभा में शराब पीकर पहुंचे है। अकाली दल ने वीडियो का जिक्र कर कहा है कि, आप खुद मुख्यमंत्री का हाल देख लीजिए कि वह विधानसभा में किस तरह व्यवहार कर रहे है। शिरोमणि अकाली दल ने कहा है कि पार्टी मुख्यमंत्री मान के व्यवहार की कड़ी निंदा करती है। शिरोमणि अकाली दल मांग करता है कि आज पूरे पंजाब के सामने मुख्यमंत्री का डोप टेस्ट कराया जाए ताकि पंजाब के लोगों को सच पता चल सके। वहीं पंजाब के नेता प्रतिपक्ष प्रताप सिंह बाजवा ने सभी विधायकों का एल्कोहल मीटर टेस्ट कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के एक विधायक ने सीएम मान पर शराब पीकर आने के इल्जाम लगाए हैं, इसलिए सारे विधायकों का एल्कोहल टेस्ट कराया जाए। कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि पंजाब के मुख्यमंत्री शराब के नशे में विधानसभा आए हैं। उन्होंने कहा कि चूंकि राज्य के मुखिया पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं, इसलिए सच्चाई का पता लगाने के लिए हर विधायक का टेस्ट होना चाहिए। वहीं विधानसभा में हुए हंगामे पर जवाब देकर मुख्यमंत्री मान ने कहा कि यह विशेष सत्र मज़दूर दिवस को समर्पित है और उन्होंने सभी सदस्यों से अपील की कि वे बहसबाजी से बचें और सदन की गरिमा बनाए रखें। बता दें कि पंजाब की आप सरकार ने 1 मई को मजदूर दिवस के मौके पर विधानसभा का विशेष सत्र बुलाया है, ताकि राज्य के मजदूर वर्ग को याद किया जा सके। कांग्रेस नेता वारिंग ने सवाल उठाया कि इस विशेष सत्र से मजदूरों को क्या फायदा होगा जबकि सरकार अपने कार्यकाल के आख़िरी दौर में है और वह भी कमज़ोर हालत में चल रही है। आशीष दुबे / 01 मई 2026