क्षेत्रीय
01-May-2026
...


दतिया ( ईएमएस ) | जिला मॉनिटरिंग सेल की बैठक आज जिला न्यायालय के सभाकक्ष में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री विजय चंद्र की अध्यक्षता में सफलतापूर्वक संपन्न हुई। बैठक का मुख्य उद्देश्य जिले में न्यायिक सेवाओं, विधिक सहायता योजनाओं तथा मॉनिटरिंग तंत्र की समीक्षा करना था, ताकि आमजन को त्वरित और प्रभावी न्याय सुनिश्चित किया जा सके। प्रधान न्यायाधीश श्री चंद्र ने कहा कि जिला मॉनिटरिंग सेल का गठन न्यायिक प्रक्रियाओं की पारदर्शिता और दक्षता बढ़ाने के लिए किया गया है। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रत्येक न्यायालय में लंबित मामलों की मॉनिटरिंग साप्ताहिक आधार पर की जाए तथा विधिक सेवा प्राधिकरण के माध्यम से गरीब और जरूरतमंद व्यक्तियों को निःशुल्क कानूनी सहायता प्रदान की जाए। बैठक के दौरान श्री चंद्रा द्वारा किशोर न्यायालय एवं परिवार न्यायालय के नवीन भवन हेतु भूमि आवंटन की प्रगति की जानकारी ली गई। साथ ही कोर्ट परिसर में नियमित डॉक्टर की पदस्थापना एवं नियमित साफ सफाई करवाने के निर्देश भी दिए। उन्होंने जिला कोर्ट में ई-कोर्ट प्रणाली की प्रगति तथा केस मैनेजमेंट सिस्टम के अपडेट पर भी चर्चा की। उन्होंने पुरानी स्थाई वारंटियों के रिकॉर्ड का डिजिटलाइजेशन करवाने के निर्देश भी दिए। बैठक में अंत में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने सभी अधिकारियों को आगामी 9 मई को होने वाली लोक अदालत के सफल आयोजन हेतु गंभीरता पूर्वक कार्य करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने समय पर तमिली करवाने के निर्देश दिए जिससे कि ज्यादा से ज्यादा लोगों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिया जा सके। बैठक में प्रधान न्यायाधीश कुटुंब न्यायालय अशोक कुमार गुप्ता, विशेष न्यायाधीश अखिलेश कुमार धाकड़, पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार वर्मा, अपार कलेक्टर महेंद्र सिंह कव्चे, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट सतीश वसुनिया, मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी श्री देवेश अग्रवाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।