मुंबई, (ईएमएस)। मुंबई महानगरपालिका ने मुंबई में पानी की आपूर्ति सुधारने के लिए नई जलवाहिनी को चालू करने का काम शुरू किया है। इस तकनीकी कार्य के चलते मुंबई के कई इलाकों में 5 मई (मंगलवार) और 6 मई (बुधवार) को करीब 30 घंटे तक पानी की सप्लाई बंद रहेगी। मनपा के अनुसार, अमर महाल क्षेत्र में बने नए वॉटर टनल को मुख्य जल प्रणाली से जोड़ा जा रहा है। इससे भविष्य में शहर में पानी की आपूर्ति अधिक मजबूत और बेहतर हो सकेगी। - कब रहेगा पानी बंद? 5 मई सुबह 10 बजे से 6 मई दोपहर 4 बजे तक पानी सप्लाई पूरी तरह बंद रहेगी। इसके बाद 6 मई की शाम से पानी की सप्लाई धीरे-धीरे सामान्य होने लगेगी। इस पानी कटौती का असर माटुंगा, सायन, वडाला, परेल, शिवड़ी, कुर्ला, साकीनाका, गोवंडी, मानखुर्द, चेंबूर, घाटकोपर और विद्याविहार जैसे इलाकों पर पड़ेगा। इसके अलावा कई प्रभागों में भी पानी सप्लाई प्रभावित रहेगी, जैसे- एफ/उत्तर और एफ/दक्षिण प्रभाग (सायन, वडाला, दादर-परेल क्षेत्र) एल प्रभाग (कुर्ला और आसपास के इलाके) एम/पूर्व प्रभाग (गोवंडी, मानखुर्द और चेंबूर क्षेत्र) घाटकोपर (पूर्व) और विद्याविहार के कई इलाके इन क्षेत्रों के कई मोहल्लों, कॉलोनियों और सड़कों पर पानी की आपूर्ति पूरी तरह बंद रहेगी। मनपा प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि पानी कटौती से पहले जरूरी पानी का स्टॉक कर लें और कटौती के दौरान पानी का सही उपयोग करें, ताकि परेशानी कम हो सके। - ०१ मई/२०२६/ईएमएस