राष्ट्रीय
01-May-2026
...


-ईवीएम से छेड़छाड़ और हिंसा की मिलीं थीं शिकायतें -कोलकाता में स्ट्रॉन्ग रूम के आस-पास भीड़ पर पाबंदी कोलकाता,(ईएमएस)। ईवीएम से छेड़छाड़ और हिंसा की शिकासतों के मद्देनजर चुनाव आयोग ने पश्चिम बंगाल के 15 बूथों पर पुनर्मतदान कराने का फैसला किया है। दोबारा मतदान शनिवार को कराया जाएगा। विवादों के चलते सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी कर दी गई है। जानकारी के अनुसार 29 अप्रैल को हुए मतदान के दौरान डायमंड हार्बर के 4 और मगराहट पश्चिम के 11 बूथों पर हिंसा, झड़प और ईवीएम से छेड़छाड़ की शिकायतें सामने आई थीं, जिससे मतदान प्रक्रिया प्रभावित हुई। इस बीच कोलकाता में ईवीएम की सुरक्षा को लेकर विवाद बढ़ने के बाद प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। शहर के 7 स्ट्रॉन्ग रूम के 200 मीटर के दायरे में पांच या उससे अधिक लोगों के एकत्र होने पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। साथ ही केंद्रीय अर्धसैनिक बलों (सीएपीएफ) की लगभग 700 कंपनियां तैनात की गई हैं, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके। यह निर्णय गुरुवार रात खुदीराम अनुशीलन केंद्र स्थित स्ट्रॉन्ग रूम के बाहर हुए विरोध-प्रदर्शन के बाद लिया गया। तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) और भाजपा कार्यकर्ताओं ने करीब पांच घंटे तक धरना दिया। टीएमसी ने आरोप लगाया कि बिना सूचना के स्ट्रॉन्ग रूम खोला गया और ईवीएम से छेड़छाड़ की आशंका है, साथ ही वहां संदिग्ध लोगों की मौजूदगी का भी दावा किया। हालांकि भारत निर्वाचन आयोग ने इन आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए स्पष्ट किया कि उस समय केवल पोस्टल बैलेट की छंटाई की जा रही थी और सभी ईवीएम पूरी तरह सुरक्षित हैं। आयोग ने यह भी कहा कि त्रिपल लेयर सुरक्षा व्यवस्था के चलते ईवीएम से छेड़छाड़ संभव नहीं है। प्रशासन ने एहतियातन सख्ती बढ़ाते हुए स्थिति पर नजर बनाए रखी है, ताकि चुनाव प्रक्रिया निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके। हिदायत/ईएमएस 01मई26