राज्य
01-May-2026


इन्दौर (ईएमएस) घरेलू हिंसा के एक सनसनीखेज मामले में पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने उसके पति, सास सहित ससुराल वालों पर केस दर्ज किया है। पीड़िता को बेटी होने के बाद उसके पति और ससुराल वालों ने मारपीट कर घर से निकाल दिया। मामला हीरा नगर थाना क्षेत्र का है। पुलिस के अनुसार सिल्की लालवानी निवासी रॉयल बंगलो ने अपनी शिकायत में बताया कि उन्होंने एक बेटी को जन्म दिया। इसके बाद से ही पति गौरव और सास शशिकला का व्यवहार बदल गया और उन्हें बेटी पैदा करने को लेकर ताने दिए जाने लगे। जब उन्होंने कहा कि यह ईश्वर की मर्जी है कि बेटा या बेटी हो, तब भी ससुराल पक्ष का रवैया नहीं बदला। उल्टा उन्हें लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाता रहा। यही नहीं उनका पति अक्सर शराब पीकर घर आता था और उनसे मारपीट करता था। कई बार वह दो-तीन दिन तक घर से गायब भी रहता था। इसके बाद बेटी पैदा होने की बात को लेकर पति और अन्य ससुराल पक्ष के लोगों ने मिलकर उनके साथ मारपीट की और घर से निकाल दिया। पुलिस ने पति गौरव और अन्य आरोपियों के खिलाफ मारपीट, प्रताड़ना और घरेलू हिंसा का केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। आनंद पुरोहित/ 01 मई 2026