जनगणना ब्लाकों में प्रगणकों, सुपरवाजर्स ने अपने क्षेत्रों में मकानों की नंबरिंग व नजरी नक्शे बनाने हेतु कार्यवाही प्रारंभ की भोपाल(ईएमएस)। भारत की जनगणना-2027 के अंतर्गत प्रथम चरण में मकान सूचीकरण का कार्य प्रारंभ हो गया। नगर निगम भोपाल की सीमा अंतर्गत प्रगणकों,पर्यवेक्षकों ने अपने जनगणना क्षेत्रों में मकानों की नंबरिंग एवं नजरी नक्शा बनाने का कार्य प्रारंभ कर दिया है। जनगणना-2027 के अंतर्गत जनगणना ब्लाकों के गठन उपरांत मकानों की सूचीकरण का कार्य शुक्रवार से प्रारंभ कर दिया गया है। जनगणना ब्लाकों में पदस्थ प्रगणकों ने अपने आवंटित क्षेत्रों में मकानों की नंबरिंग का कार्य प्रारंभ किया साथ ही नजरी नक्शा बनाने की कार्यवाही भी प्रारंभ की। प्रत्येक जनगणना ब्लाक में प्रगणक जनगणना मकान के सूचीकरण के तहत प्रत्येक परिवार की जानकारी 33 प्रश्नों के आधार पर एकत्र करेंगे। यह जानकारी मोबाइल एप्प के माध्यम से एकत्र की जायेगी। निगम प्रशासन ने शहर के सभी नागरिकों से अपील की है कि वे राष्ट्र हित के महत्वपूर्ण कार्य जनगणना-2027 में सहयोग करें और मकान सूचीकरण हेतु आने वाले प्रगणकों,पर्यवेक्षकों को सही-सही जानकारी उपलब्ध करायें ताकि जनगणना का कार्य सुगमतापूर्वक संपादित किया जा सके। हरि प्रसाद पाल / 01 मई, 2026