राज्य
01-May-2026
...


महापौर श्रीमती मालती राय ने चित्रकला प्रदर्शनी ‘‘माँ’’ का किया शुभारंभ भोपाल(ईएमएस)। महापौर श्रीमती मालती राय ने कहा है कि माँ के विभिन्न स्वरूपों को कैनवास पर उकेरना भावपूर्ण कला का उत्कृष्ट नमूना है। माँ के विभिन्न स्वरूपों को प्रदर्शित करने हेतु आयोजित चित्रकला प्रदर्शनी का आयोजन भी एक सराहनीय कार्य है। महापौर श्रीमती मालती राय ने यह विचार इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मानव संग्रहालय में आयोजित तीन दिवसीय चित्रकला प्रदर्शनी ‘‘माँ’’ का शुभारंभ करते हुए व्यक्त किए। महापौर श्रीमती मालती राय ने शुक्रवार को इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मानव संग्रहालय के वीथी संकुल सभागार में आयोजित तीन दिवसीय चित्रकला प्रदर्शनी ‘‘माँ’’ का दीप प्रज्ज्वलित कर शुभारंभ किया और प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया। महापौर श्रीमती मालती राय ने इस अवसर पर कहा कि कलाकारों द्वारा ‘‘माँ’’ के विभिन्न स्वरूपों को जिस सुंदरता एवं भावुकता के साथ कैनवास पर उकेरा है वे अत्यंत सराहनीय है और एक प्रकार से कला के माध्यम से मातृत्व को नमन भी है। महापौर श्रीमती राय ने कहा कि यह प्रदर्शनी समाज में कला और संस्कारों के प्रति नई चेतना जागृत करने की दिशा में एक सुंदर प्रयास है। प्रदर्शनी के शुभारंभ अवसर पर संयोजक डॉ. अंकिता जैन, मानव संग्रहालय के अधिकारी, कलाप्रेमी तथा आयोजक संस्था लिखन्दरा कला सोसायटी भोपाल के सदस्य आदि मौजूद थे। हरि प्रसाद पाल / 01 मई, 2026