पन्ना(ईएमएस)। पन्ना जिले में वन विभाग की टीम पर हमले और लूट के मामले ने अब राजनीतिक गलियारा गर्मा दिया है। धरमपुर रेंज में अवैध उत्खनन रोकने गए वनकर्मियों के साथ हाथापाई और ट्रैक्टर लूटने के आरोपों में घिरे विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी और कांग्रेस नेता भरत मिलन पाण्डेय को पुलिस ने जबलपुर से हिरासत में लिया है। हालांकि वे इसे राजनीतिक षड्यंत्र बता रहे है। दरअसल घटना 23 अप्रैल की है, जब पिस्टा बीट में अवैध पत्थर उत्खनन की सूचना पर वनपाल महीप कुमार रावत की टीम कार्रवाई करने पहुंची थी। आरोप है कि पत्थर माफिया लखन लाल पाण्डेय और उसके साथियों ने टीम पर हमला कर दिया। शिकायत के अनुसार, मौके पर पहुंचे भरत पाण्डेय ने न केवल वनकर्मियों को धमकाया, बल्कि आरोपियों को भगाने में मदद की और टीम से मोबाइल व चाबियां छीन लीं। विनोद उपाध्याय / 01 मई, 2026