:: मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने दिए उच्चस्तरीय जांच के निर्देश, जान बचाने वाले बहादुर नागरिक 15 अगस्त को होंगे सम्मानित :: जबलपुर/इंदौर (ईएमएस)। जबलपुर के बरगी डैम में चक्रवाती तूफान के कारण हुए दर्दनाक क्रूज हादसे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गहरा दुख व्यक्त किया है। प्रधानमंत्री मोदी ने इस घटना को अत्यंत पीड़ादायक बताते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त की हैं। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स के माध्यम से घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हुए प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से आर्थिक सहायता की घोषणा की है। हादसे में जान गंवाने वाले प्रत्येक मृतक के परिजन को 2-2 लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये की अनुग्रह राशि प्रदान की जाएगी। :: रेस्क्यू टीम ने सुरक्षित निकाले 29 लोग :: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शुक्रवार को मीडिया से चर्चा के दौरान बताया कि बरगी डैम में मौसमी चक्रवात के चलते यह दुखद हादसा हुआ। सूचना मिलते ही लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह, पर्यटन राज्यमंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी और प्रशासनिक अमला एनडीआरएफ व एसडीआरएफ की टीम के साथ मौके पर पहुंच गया। बचाव दल ने अदम्य साहस का परिचय देते हुए 29 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया है। अब तक जलाशय से 9 शव बरामद किए गए हैं, जबकि रेस्क्यू ऑपरेशन अब भी जारी है। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि जिन नागरिकों और बचाव दल के सदस्यों ने अपनी जान जोखिम में डालकर दूसरों को बचाया है, उन्हें आगामी 15 अगस्त (स्वतंत्रता दिवस) पर राज्य स्तर पर सम्मानित किया जाएगा। :: सुरक्षा मानकों की होगी जांच :: हादसे की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री ने पर्यटन विभाग को उच्चस्तरीय जांच के आदेश दिए हैं ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। उन्होंने नागरिकों से भावुक अपील करते हुए कहा कि बोटिंग के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन अनिवार्य रूप से करें। मुख्यमंत्री ने रेखांकित किया कि इस हादसे में जिन लोगों ने लाइफ सेविंग जैकेट पहन रखी थी, वे सुरक्षित बचने में सफल रहे। राज्य सरकार प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है और प्रशासन को निर्देश दिए गए हैं कि राहत कार्यों में कोई कमी न छोड़ी जाए। हादसे के बाद पूरे प्रदेश में पर्यटन स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा की जा रही है। प्रकाश/01 मई 2026