-ईरान का दावा— लंबे युद्ध के लिए पर्याप्त हथियार -पाकिस्तान ने फिर शुरू की मध्यस्थता की पहल तेहरान,(ईएमएस)। ईरान ने दावा किया है कि उसके पास इतने मिसाइल और ड्रोन मौजूद हैं कि वह लंबे समय तक युद्ध जारी रखने में सक्षम है। संसद की राष्ट्रीय सुरक्षा समिति के उपाध्यक्ष अलीद्दीन बोरुजेर्दी ने कहा कि देश किसी भी दबाव के आगे झुकने वाला नहीं है। उन्होंने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ओर से दी जा रही चेतावनियों और धमकियों को “खोखला” बताते हुए कहा कि ईरान अपने रुख पर कायम रहेगा और किसी भी परिस्थिति में पीछे नहीं हटेगा। बोरुजेर्दी ने यह भी दावा किया कि अमेरिका द्वारा कथित समुद्री नाकेबंदी प्रभावी नहीं है और उसे अंतर्राष्ट्रीय समर्थन भी हासिल नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि होर्मुज पर ईरान का नियंत्रण बना रहेगा और यह रणनीतिक जलमार्ग किसी भी हालत में नहीं छोड़ा जाएगा। इस बीच पाकिस्तान ने अमेरिका और ईरान के बीच तनाव कम करने के लिए कूटनीतिक पहल शुरू की है। रिपोर्टों के अनुसार, इस्लामाबाद में दोनों देशों के बीच संभावित वार्ता की तैयारी चल रही है। बताया जा रहा है कि ईरान एक नया प्रस्ताव तैयार कर रहा है, जिसे पाकिस्तान के माध्यम से यूएस तक पहुंचाया जाएगा। इस प्रस्ताव में शुरुआत के तौर पर होर्मुज जलडमरूमध्य को खोलने और ईरान की जमी हुई संपत्तियों को जारी करने जैसे मुद्दों पर ध्यान केंद्रित किया जा सकता है, ताकि दोनों पक्षों के बीच भरोसा बहाल हो सके। विशेषज्ञों का मानना है कि मौजूदा हालात में दोनों देशों पर अंतर्राष्ट्रीय दबाव बढ़ रहा है, जिससे वार्ता की संभावनाएं मजबूत हो रही हैं। यदि अमेरिका अपनी नौसैनिक नाकेबंदी में ढील देता है, तो ईरान भी इस महत्वपूर्ण समुद्री मार्ग को खोलने पर विचार कर सकता है। क्षेत्र में बढ़ते तनाव के बीच यह घटनाक्रम महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि इससे न केवल मध्य पूर्व बल्कि वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति और सुरक्षा पर भी असर पड़ सकता है। हिदायत/ईएमएस 02 मई 2026