व्यापार
02-May-2026
...


- अंतरराष्ट्रीय बाजार में ब्रेंट क्रूड 14 डॉलर टूटकर 108 डॉलर के करीब पहुंचा नई दिल्‍ली (ईएमएस)। अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में भारी गिरावट के बावजूद शनिवार को देश के कई शहरों में पेट्रोल और डीजल के खुदरा दाम में मिला-जुला असर देखने को मिला। एक दिन में ब्रेंट क्रूड 122 डॉलर से गिरकर 108 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया, जिसने घरेलू ईंधन बाजार में हलचल पैदा कर दी। बीते 24 घंटे में अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में बड़ी गिरावट दर्ज की गई है। ब्रेंट क्रूड 118.20 डॉलर और डब्‍ल्‍यूटीआई क्रूड 101.90 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया है, जो एक दिन पहले के 122 डॉलर के स्तर से काफी नीचे है। इस नाटकीय गिरावट के बावजूद भारत में पेट्रोल-डीजल के दामों पर इसका असर कहीं वृद्धि तो कहीं कमी के रूप में सामने आया। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में पेट्रोल 12 पैसे महंगा होकर 94.85 रुपये और डीजल 13 पैसे बढ़कर 87.89 रुपये प्रति लीटर हुआ। इसी तरह नोएडा में भी पेट्रोल 11 पैसे और डीजल 9 पैसे महंगे हुए। वहीं राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र के गुरुग्राम में उपभोक्ताओं को राहत मिली, जहां पेट्रोल और डीजल दोनों 9 पैसे सस्ते हुए हैं। हालांकि दिल्ली (पेट्रोल 94.72 रुपये, डीजल 87.62 रुपये), मुंबई (पेट्रोल 103.44 रुपये, डीजल 89.97 रुपये), चेन्नई (पेट्रोल 100.76 रुपये, डीजल 92.35 रुपये) और कोलकाता (पेट्रोल 104.95 रुपये, डीजल 91.76 रुपये) जैसे देश के चारों महानगरों में शनिवार को ईंधन की कीमतें पहले के स्तर पर ही स्थिर बनी हुई हैं। सतीश मोरे/02मई ---