राज्य
02-May-2026
...


रायपुर (ईएमएस)। राजधानी रायपुर में क्रिकेट प्रेमियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। इंडियन प्रीमियर लीग के तहत 10 और 13 मई को दो हाई-वोल्टेज मुकाबले आयोजित किए जाएंगे। इन मैचों को लेकर शहर में उत्साह का माहौल है, वहीं टिकट बुकिंग को लेकर भी अहम जानकारी सामने आई है।आयोजकों के मुताबिक, मैचों के लिए टिकट बुकिंग 3 मई से शुरू होगी। दर्शक टिकट केवल रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु(आरसीबी) की आधिकारिक वेबसाइट और मोबाइल ऐप के माध्यम से ही खरीद सकेंगे। आयोजकों ने साफ चेतावनी दी है कि किसी अन्य वेबसाइट या ऐप से टिकट खरीदने पर धोखाधड़ी का खतरा हो सकता है, इसलिए केवल आधिकारिक प्लेटफॉर्म का ही उपयोग करें। रायपुर में 10 मई को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु का मुकाबला मुंबई इंडियंस से होगा, जबकि 13 मई को आरसीबी का सामना कोलकाता नाइट राइडर्स से होगा। दोनों ही मैच शाम 7:30 बजे से शुरू होंगे और बड़ी संख्या में दर्शकों के पहुंचने की संभावना है। मिली जानकारी के अनुसार, आरसीबी टीम 8 मई को रायपुर पहुंचेगी और करीब 6 दिनों तक यहां रुकेगी। इस दौरान टीम मैदान पर अभ्यास भी करेगी। वहीं मुंबई इंडियंस की टीम के भी 8 मई के बाद राजधानी पहुंचने की संभावना जताई जा रही है। टिकट की कीमतों की बात करें तो सबसे सस्ती टिकट ₹2000 से शुरू होगी। इसके अलावा ₹2500, ₹3500, ₹5000 और ₹8000 तक की विभिन्न श्रेणियों में टिकट उपलब्ध होंगे। खास बात यह है कि इस बार प्लैटिनम सीटों के सामने लगे कांच के पैनल हटा दिए गए हैं, जिससे दर्शक खिलाड़ियों को और करीब से बिना किसी बाधा के देख सकेंगे। आईपीएल के इन मुकाबलों को लेकर रायपुर समेत पूरे छत्तीसगढ़ के क्रिकेट प्रेमियों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। लंबे समय बाद राजधानी में इतने बड़े स्तर के मैच आयोजित हो रहे हैं, जिससे होटल, ट्रांसपोर्ट और अन्य सेवाओं में भी हलचल बढ़ गई है।कुल मिलाकर, 10 और 13 मई को होने वाले ये मुकाबले रायपुर के लिए एक बड़े खेल आयोजन के रूप में देखे जा रहे हैं, जहां क्रिकेट के साथ-साथ शहर की मेहमाननवाजी भी देखने को मिलेगी। - (ईएमएस) 02 मई 2026