जबलपुर (ईएमएस)। शनिवार को नगर निगम की टीम ने अनुशासनहीनता और गंदगी फैलाने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्यवाही करते हुए एक स्पष्ट संदेश दिया है कि स्वच्छता से समझौता कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस संबंध में अपर आयुक्त देवेन्द्र सिंह चौहान ने बताया कि संभाग क्रमांक 13 के अंतर्गत आने वाले व्यस्ततम मालवीय चौक क्षेत्र में निरीक्षण के दौरान अर्जुन पोहा संचालक की बड़ी लापरवाही सामने आई। दुकान बंद करने के बाद संचालक द्वारा उपयोग किए गए दोना-पत्तल सड़क पर ही फेंक दिए गए थे। शहर की सुंदरता और स्वच्छता को प्रभावित करने वाले इस कृत्य पर निगम प्रशासन ने तत्काल संज्ञान लिया और नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने त्वरित कार्यवाही करते हुए संबंधित प्रतिष्ठान पर 10 हजार रुपये का स्पॉट फाइन किया। इस कार्यवाही में सहायक स्वास्थ्य अधिकारी अर्जुन यादव, मुख्य स्वच्छता निरीक्षक अगस्ते वर्मा, स्वच्छता निरीक्षक अभिषेक बिस्वरी, वार्ड सुपरवाईजर अनिल मोहित आदि उपस्थित रहे। सुनील साहू / मोनिका / 02 मई 2026