गुना (ईएमएस) । जिले के विजयपुर थाना अंतर्गत ग्राम कोलुआ में शनिवार सुबह एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। यहाँ नींद से जागकर कुएं की ओर गई एक 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला का संतुलन अचानक बिगड़ गया, जिससे कुएं में गिरने से उनकी जान चली गई। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम कराया है। हादसे के वक्त घर के पास ही थीं महिला जानकारी के अनुसार, कोलुआ निवासी 70 वर्षीय मेवा बाई शनिवार सुबह करीब 7:15 बजे सोकर उठी थीं। उठने के तुरंत बाद वे घर के समीप स्थित कुएं के पास गईं, जहाँ संभवत: चक्कर आने या संतुलन बिगडऩे के कारण वे सीधे गहरे पानी में जा गिरीं। परिजनों को जैसे ही इस बात का आभास हुआ, उन्होंने ग्रामीणों की मदद से आनन-फानन में मेवा बाई को बाहर निकाला और जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। हालाँकि, डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। तीन माह पहले हुआ था एक्सीडेंट अस्पताल में मौजूद मृतका के पुत्र हनुमंत सिंह ने बताया कि उनकी मां करीब तीन महीने पहले एक सडक़ हादसे का शिकार हुई थीं। बाइक से हुए उस एक्सीडेंट में उनके सिर में गंभीर चोट आई थी, जिसका उपचार लंबे समय से चल रहा था। वे धीरे-धीरे स्वस्थ हो रही थीं, लेकिन आज सुबह अचानक हुई इस घटना ने परिवार को गहरे शोक में डुबो दिया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने वैधानिक कार्यवाही करते हुए शव का पोस्टमार्टम कराया और अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया। फिलहाल पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है। - सीताराम नाटानी