- राज्यसभा सांसद ने सरकार को घेरा, सुरक्षा व्यवस्था पर उठाए सवाल जबलपुर (ईएमएस)। बरगी बांध में हुए दर्दनाक क्रूज हादसे के तीसरे दिन भी राहत और बचाव कार्य लगातार जारी है, इस बीच राज्यसभा सांसद विवेक तन्खा ने पीड़ित परिवारों से मुलाकात के बाद प्रदेश सरकार की कार्यप्रणाली और तैयारियों पर कड़ा हमला बोला है। सांसद तन्खा ने अपने आवास पर पत्रकारों से चर्चा में कहा कि यह हादसा प्राकृतिक नहीं, बल्कि प्रशासनिक लापरवाही का नतीजा है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब बरगी डैम जैसे बड़े पर्यटन स्थल पर रोजाना सैकड़ों पर्यटक आते हैं, तो वहां सुरक्षा के बुनियादी इंतजाम क्यों नहीं थे। उन्होंने कहा, हर बार हादसे के बाद ही सबक क्यों लिया जाता है? पहले से ठोस व्यवस्था क्यों नहीं की जाती? तन्खा ने आरोप लगाया कि मौसम को लेकर कोई प्रभावी चेतावनी प्रणाली मौजूद नहीं थी। अचानक आई आंधी-तूफान के बीच क्रूज का संचालन जारी रहना गंभीर लापरवाही को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते सावधानी बरती जाती और सुरक्षा मानकों का पालन होता, तो इतनी बड़ी जनहानि रोकी जा सकती थी। सांसद ने यह भी कहा कि आपातकालीन हालात से निपटने के लिए प्रशासन पूरी तरह तैयार नहीं था। घटना के बाद राहत कार्य में स्थानीय लोगों की भूमिका अधिक नजर आई, जबकि व्यवस्थागत तैयारी कमजोर साबित हुई। उन्होंने मांग की कि इस पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच कराई जाए और जिम्मेदार अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई हो। सांसद विवेक तन्खा ने कहा कि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए पर्यटन स्थलों पर कड़े सुरक्षा मानक लागू किए जाएं और उनकी नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने पीड़ित परिवारों को हर संभव सहायता दिलाने का भी आश्वासन दिया। गौरतलब है कि 30 अप्रैल की शाम तेज आंधी और हवा के चलते डबल डेकर क्रूज असंतुलित होकर डूब गया था। क्रूज में 30 से अधिक सैलानी सवार थे। हादसे में अब तक 9 लोगों के शव बरामद किए जा चुके हैं, जबकि 28 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया है। चार लोग अभी भी लापता हैं। सुनील साहू / शहबाज / 02 मई 2026