- प्रशांत केसरवानी उपाध्यक्ष नियुक्त, विनोद गोटिंया को तीर्थ स्थान व मेला प्राधिकरण की कमान जबलपुर (ईएमएस)। लंबे इंतजार के बाद जबलपुर विकास प्राधिकरण (जेडीए) को आखिरकार नया अध्यक्ष मिल गया है। करीब सात वर्षों से खाली पड़े इस महत्वपूर्ण पद पर भाजपा के वरिष्ठ और सक्रिय नेता संदीप जैन की नियुक्ति की गई है। वहीं, प्रशांत केसरवानी को जेडीए का उपाध्यक्ष बनाया गया है। नगरीय प्रशासन विभाग द्वारा देर रात जारी आदेश के बाद शहर की राजनीति और प्रशासनिक हलकों में इस नियुक्ति को लेकर चर्चा तेज हो गई है। जेडीए में अध्यक्ष का पद पिछले सात वर्षों से रिक्त था। इस दौरान प्राधिकरण का संचालन पूरी तरह नौकरशाही के भरोसे चल रहा था। इसका असर शहर के विकास कार्यों पर साफ तौर पर देखा जा रहा था, जहां कई महत्वपूर्ण परियोजनाएं धीमी गति से चल रही थीं या लंबित पड़ी थीं। इससे पहले शिवराज सिंह चौहान के कार्यकाल में डॉ. विनोद मिश्रा जेडीए के अध्यक्ष थे। अब संदीप जैन की नियुक्ति के साथ ही प्राधिकरण में एक बार फिर राजनीतिक नेतृत्व की वापसी हुई है, जिससे विकास कार्यों में तेजी आने की उम्मीद जताई जा रही है। लंबे समय से अध्यक्ष विहीन चल रहे जेडीए के अध्यक्षीय चेंबर में अब फिर से गतिविधियां बढ़ेंगी। पिछले कुछ दिनों से संदीप जैन की नियुक्ति को लेकर अटकलें लगाई जा रही थीं, जिन पर अब आधिकारिक मुहर लग गई है। संगठन का अनुभव....... नवनियुक्त जेडीए अध्यक्ष संदीप जैन का जिला मीडिया प्रभारी के रूप में कार्यकाल खासा चर्चित रहा। उसके बाद भी नगर महामंत्री भी रहे| उन्होंने सामाजिक क्षेत्र में भी सक्रिय भूमिका निभाई और “समरसता सेवा संगठन” के माध्यम से समाज सेवा के कई कार्य किए। उनके नेतृत्व में जल सेवा, प्रकृति संरक्षण, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और सामाजिक समरसता को बढ़ावा देने के लिए कई आयोजन किए गए। संदीप जैन को लोकनिर्माण मंत्री राकेश सिंह का करीबी और विश्वासपात्र माना जाता है| प्रशांत केसरवानी को उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी … जेडीए के उपाध्यक्ष बनाए गए प्रशांत केसरवानी भी भाजपा संगठन के अनुभवी कार्यकर्ता हैं। वे पिछले कार्यकाल में नगर भाजपा के कोषाध्यक्ष रह चुके हैं और लंबे समय से संगठन से जुड़े हुए हैं। उनके अनुभव को देखते हुए उन्हें यह अहम जिम्मेदारी सौंपी गई है। विनोद गोंटियां को मिला मेला प्राधिकरण पद...… संदीप जैन के साथ ही नगर भाजपा के वरिष्ठ नेता विनोद गोटिया को तीर्थ स्थान एवं मेला प्राधिकरण की जिम्मेदारी दी गई है। श्री गोटिंया दो बार प्रदेश कार्यकारिणी के पदाधिकारी रह चुके है| वहीं पिछले शिवराज सिंह कार्यकाल में मप्र पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष रह चुके है| एक साथ तीन अहम नियुक्तियों से पार्टी कार्यकर्ताओं में खुशी का माहौल है और इसे संगठन में लंबे समय से सक्रिय नेताओं को मिला सम्मान माना जा रहा है। समर्थकों में उत्साह, लेकिन जश्न से परहेज …….. संदीप जैन के अध्यक्ष बनने की खबर मिलते ही उनके समर्थकों में उत्साह की लहर दौड़ गई और उन्हें बधाई देने वालों का तांता लग गया। हालांकि, संदीप जैन ने सभी समर्थकों से किसी भी प्रकार का जश्न न मनाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि बरगी में हुई हालिया घटना से पूरा शहर आहत है, ऐसे में सादगी बनाए रखना जरूरी है। मीडिया से बातचीत में श्री जैन ने कहा कि पार्टी ने उन्हें जो जिम्मेदारी दी है, उसका वे पूरी निष्ठा से पालन करेंगे। उन्होंने इस नियुक्ति के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा और लोकनिर्माण मंत्री राकेश सिंह का आभार जताया। जैन ने कहा कि वरिष्ठ नेताओं के मार्गदर्शन में वे शहर के विकास को नई दिशा देने का प्रयास करेंगे। तीन दशकों का संगठनात्मक अनुभव.......... संदीप जैन का राजनीतिक सफर तीन दशकों से अधिक पुराना है। वे छात्र जीवन में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद से जुड़े और यहीं से उनकी राजनीतिक सक्रियता की शुरुआत हुई। इसके बाद उन्होंने नगर भाजपा और समरसता सेवा संगठन में अपनी महत्वपूर्ण सेवाएं दी| अब विकास कार्यों पर टिकी नजर …..... नई नियुक्तियों के बाद शहरवासियों की नजर अब जेडीए की कार्यप्रणाली पर टिकी है। उम्मीद जताई जा रही है कि आवासीय योजनाओं, इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट, सड़क विकास और शहरी विस्तार से जुड़े कार्यों में तेजी आएगी। लंबे समय से लंबित परियोजनाओं को गति मिलने के साथ ही शहर के समग्र विकास को नई दिशा मिल सकती है। सुनील साहू / शहबाज / 02 मई 2026/ 06.05